मानपुर देवड़ा में छात्रा वर्ग की जिला स्तरीय अंडर-19 खेलकूद शुरू
31 स्कूलों की 290 खिलाड़ी छात्राएं दिखा रही हैं दमखम
संवाद न्यूज एजेंसी
पुरुवाला (सिरमौर)। शहीद सोहन सिंह मेमोरियल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मानपुर देवड़ा में अंडर-19 छात्रा वर्ग की जिला स्तरीय तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का मंगलवार को शुभारंभ हुआ। वार्ड नंबर-8 पातलियों से जिला परिषद सदस्य अरिकेश जंग ने बतौर मुख्यातिथि इसका शुभारंभ किया। इस दौरान सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य ज्ञान चंद विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
प्रतियोगिता में जिला सिरमौर के 31 विद्यालयों से करीब 290 खिलाड़ी छात्राएं हिस्सा ले रही हैं। तीन दिनों तक हॉकी, फुटबॉल, हैंडबॉल, बास्केटबॉल और एथलेटिक्स की विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ी अपना दमखम दिखाएंगी। शुभारंभ मौके पर छात्राओं ने हिमाचली, पहाड़ी और हरियाणवी गीतों सहित ‘मटक चालूंगी’, ‘तू लादे मटका’ और ‘नैन तेरे’ जैसे गीतों पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर खूब तालियां बटोरीं।
विद्यालय प्रधानाचार्य अनिल कुमार नागवाल ने बताया कि प्रतियोगिता के शुरुआती मैचों में 1500 मीटर दौड़ में माजरा स्कूल की रिया ने पहला, जामनीवाला स्कूल की ऋतु ने दूसरा और माजरा स्कूल की आरुषि ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार शॉर्ट पुट स्पर्धा में पांवटा साहिब स्कूल की महक ने प्रथम, टोका नगला स्कूल की छात्रा सोना ने दूसरा और पांवटा साहिब स्कूल की सृष्टि शर्मा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
इस अवसर पर एसएमसी अध्यक्ष विक्रम तोमर, पंचायत प्रधान नरेंद्र कुमार, प्रीतिका गुरंग, प्रदीप कुमार, मोहब्बत अली, कृष्ण कुमार, रामपाल, प्रेमपाल ठाकुर, दीर्घायु प्रसाद, जीवन जोशी, रामपाल चौधरी समेत अन्य शिक्षक व छात्रा खिलाड़ी मौजूद रहीं।-