-मैदान में पार्किंग से अभ्यास पर विपरीत असर, युवा कई बार उठा चुके हैं ज्वलंत मुद्दा
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर )। शहर के एकमात्र खेल मैदान को पार्किंग स्थल में तब्दील कर देने से खेल प्रेमियों और युवाओं में भारी नाराजगी है। हालात ये हैं कि मैदान में खिलाड़ियों की जगह गाड़ियों की भरमार रहती है। इससे क्रिकेट अकादमी में प्रैक्टिस कर रहे युवाओं के साथ-साथ सेना और पुलिस भर्ती की तैयारियों में जुटे युवक-युवतियों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय युवा देव, रोहित, धीरज, विशाल, मयंक आदि का कहना है कि सुबह-शाम सैकड़ों लड़के-लड़कियां यहां दौड़ और फिजिकल की तैयारी करते हैं। क्रिकेट अकादमी के बच्चे भी इसी मैदान में अभ्यास करते हैं लेकिन मैदान में दिनभर बेतरतीब खड़ी गाड़ियों के कारण न तो दौड़ने की जगह बचती है और न ही मैदान पर अभ्यास हो पाता है। युवाओं व खेल प्रेमियों ने प्रशासन व नगर परिषद पर अनदेखी का आरोप लगाया। युवाओं ने सवाल उठाया कि एक तरफ सरकार नशे से दूर रहने के लिए खेलों को बढ़ावा देने का दावा करती है, वहीं दूसरी तरफ शहर का इकलौता मैदान भी युवाओं से छीन लिया गया है। जब खेलने के लिए मैदान ही नहीं होगा तो युवा जाएंगे कहां।
स्थानीय लोगों और खेल संगठनों ने प्रशासन से मांग की है कि मैदान में स्थायी रूप से वाहनों की एंट्री बंद की जाए।
एसडीएम पांवटा साहिब द्विज गोयल ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही गाड़ियों की पार्किंग के लिए अन्य वैकल्पिक जगह की व्यवस्था करेंगे। खेल मैदान को पूरी तरह से वाहनों से खाली करवाया जाएगा, ताकि युवाओं को अभ्यास करने में किसी तरह की कोई परेशानी न हो।