संवाद न्यूज एजेंसी
पुरुवाला (सिरमौर)। ग्राम पंचायत नवादा के युवाओं और ग्रामीणों ने आधुनिक खेल मैदान के निर्माण की मांग को लेकर ग्राम प्रधान वंदना सैनी और पंचायत सचिव को ज्ञापन सौंपा।
युवाओं ने कहा कि पंचायत में खेल मैदान के अभाव के कारण युवाओं को खेल गतिविधियों और सेना, पुलिस व अन्य शारीरिक दक्षता आधारित प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
ज्ञापन में खेल मैदान के साथ समतलीकरण, चहारदीवारी, दौड़ ट्रैक, हाईमास्ट लाइट, पेयजल, बैठने की व्यवस्था और नियमित रख-रखाव की भी मांग की गई। युवाओं का कहना है कि खेल मैदान बनने से खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर मिलेंगे और युवा नशे जैसी बुराइयों से दूर रहेंगे।
मोहित सैनी के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन के दौरान समीर, शाहरुख, रोहिल, अमन, सचिन, आमिर, सोनू, आदिल, अरमान, फिरोज सहित अनेक युवा मौजूद रहे।