-बजट स्वीकृति के बाद शुरू होगा मरम्मत कार्य
-1500 की आबादी और औद्योगिक इकाइयों को मिलेगा लाभ
संवाद न्यूज एजेंसी
कालाअंब (सिरमौर)। ग्राम पंचायत कालाअंब के गांव नागल को कालाअंब से जोड़ने वाली खजूरना–कालाअंब संपर्क सड़क के करीब दो किलोमीटर हिस्से के सुधारीकरण की उम्मीद जगी है। लोक निर्माण विभाग की ओर से इसके लिए प्राक्कलन तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेज दिया गया है। अनुमान है कि चालू वित्तीय वर्ष में ही इसे स्वीकृति मिल जाएगी।
जानकारी के मुताबिक कालाअंब से नागल–सकेती तक लगभग डेढ़ से दो किलोमीटर का हिस्सा जर्जर स्थिति में है। पिछली बरसात के दौरान सड़क का बड़ा भाग क्षतिग्रस्त हो गया था, जिससे आवागमन में भारी दिक्कतें पेश आ रही हैं। इसको देखते हुए विभाग ने इस हिस्से के रखरखाव (मेंटेनेंस) बजट के अंतर्गत सुधार कार्य का प्रस्ताव भेजा है।
उल्लेखनीय है कि इस सड़क से लगभग डेढ़ दर्जन औद्योगिक इकाइयां जुड़ी हुई हैं। सड़क की खराब हालत के कारण उद्योगों को भी परिवहन संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। सड़क के सुधारीकरण से न केवल औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलेगी, बल्कि नागल-सकेती क्षेत्र की करीब 1500 की आबादी को भी राहत मिलेगी।
लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता सचिन शर्मा ने बताया कि सड़क के दो किलोमीटर हिस्से के सुधार के लिए प्राक्कलन भेजा गया है। बजट स्वीकृत होते ही इसका मरम्मत कार्य शुरू कर दिया जाएगा। संवाद