कालाअंब-पांवटा एनएच सुधारने पर खर्च होंगे 25 करोड़
फोरलेन निर्माण से पहले सड़क की हालत सुधारने की तैयारी
बाता नदी पर बाढ़ से क्षतिग्रस्त पुल की जगह बनेगा नया टू-लेन पुल
संजय गुप्ता
संवाद न्यूज एजेंसी
कालाअंब (सिरमौर)। कालाअंब से पांवटा साहिब तक एनएच-07 की बदहाल सड़क को सुधारने के लिए करीब 25 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। फोरलेन निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाने से पहले सड़क को दुरुस्त करने की तैयारी है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण जल्द ही इस मार्ग को अपने अधीन लेगा। वहीं, बाता नदी पर बाढ़ से क्षतिग्रस्त पुल की जगह नया टू-लेन पुल बनाने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है।
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के परियोजना अधिकारी अनिल दहिया ने बताया कि एनएच-07 को प्राधिकरण के अधीन लेने के बाद करीब 25 करोड़ रुपये से सड़क सुधार का काम किया जाएगा। इसके साथ ही मार्ग को फोरलेन बनाने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जाएगी। हालांकि, करीब 60 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के फोरलेन निर्माण की विस्तृत योजना अभी सामने नहीं आई है।
उन्होंने बताया कि हाल ही में बाता नदी में आई बाढ़ से क्षतिग्रस्त हुए पुल के स्थान पर नया टू-लेन पुल बनाया जाएगा। इसके लिए निविदाएं आमंत्रित करने की प्रक्रिया चल रही है। नया पुल बनने से इस मार्ग पर यातायात व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है।
कालाअंब-पांवटा साहिब मार्ग औद्योगिक गतिविधियों और आम लोगों की आवाजाही के लिहाज से महत्वपूर्ण है। लंबे समय से इसे फोरलेन बनाने की मांग उठती रही है। ऐसे में सड़क सुधार के लिए प्रस्तावित बजट और पुल निर्माण की प्रक्रिया से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। अब सड़क सुधार और फोरलेन निर्माण की योजनाओं के धरातल पर उतरने का इंतजार है।