कालाअंब में ट्रक की टक्कर के बाद क्षतिग्रस्त गाड़ी।
- फोटो : स्रोत : ग्रामीण
औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में शनिवार देर रात एक तेज रफ्तार ट्रक ने त्रिलोकपुर सड़क पर जमकर कहर बरपाया। बताया जा रहा है कि बेकाबू ट्रक ने राहगीरों और कई वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में एक व्यक्ति की मौत होने की सूचना है, जबकि चार लोगों के घायल होने की बात सामने आई है। हालांकि, अभी तक मृतक और घायलों की पहचान नहीं हो पाई है।
हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, दुर्घटना के बाद ट्रक चालक ने मौके से भागने की कोशिश की और बेरिकेड्स तोड़ते हुए हिमाचल से हरियाणा की सीमा में दाखिल हो गया। इसके बाद हिमाचल और हरियाणा पुलिस के बीच मामले को लेकर कार्रवाई शुरू हुई।
बताया जा रहा है कि हिमाचल सीमा पार करने के बाद भी ट्रक चालक ने वाहन नहीं रोका। हरियाणा क्षेत्र में ट्रक ने एक दुकान और कुछ वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया। इसके बाद पुलिस ने ट्रक चालक को ट्रक समेत यमुनानगर मार्ग पर असगरपुर के पास पकड़ लिया।
घटना की सूचना मिलते ही कालाअंब पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस हादसे से जुड़े घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी हुई है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि ट्रक किस परिस्थिति में बेकाबू हुआ और हादसे के बाद चालक बेरिकेड्स तोड़कर हरियाणा की सीमा तक कैसे पहुंचा।