हिमाचल-उत्तराखंड सीमा पर रामपुरघाट में अवैध खनन के चोर रास्ते बंद करती जेसीबी ।
- फोटो : NAHAN
पांवटा साहिब(सिरमौर)। जिला खनन अधिकारी के निर्देश पर बुधवार को पांवटा खनन निरीक्षण टीम ने चोर रास्तों को जेसीबी से खोद कर बंद करवाया। हिमाचल-उत्तराखंड राज्य सीमा पर रामपुरघाट के समीप खनन विभाग ने जिला खनन अधिकारी सुरेश भारद्वाज के निर्देश मिलते ही पांवटा खनन निरीक्षक संजीव कुमार की टीम ने कार्रवाई की है।
बुधवार को रामपुरघाट के समीप यमुना नदी में उत्तराखंड के साथ लगते कुछ चोर रास्तों पर जेसीबी चला कर खड्डों को खोद दिया गया। इन चोर रास्तों का प्रयोग दिन व रात के समय अवैध खननकारी करते थे। नदी क्षेत्र से अवैध खनन सामग्री उठा कर हिमाचल या उत्तराखंड की तरफ ले जाते हैं।
हालांकि धार्मिक आस्था से जुड़े यमुनाघाट पांवटा पर अब भी हालात जस की तस ही है। इस स्थल पर दिन भर खनन हो रहा है। राज्य सीमा निर्धारण नहीं होने के कारण खननकारी पूरा फायदा उठा रहे हैं।
खनन निरीक्षक पांवटा संजीव कुमार ने कहा कि विभागीय टीम ने उत्तराखंड की सीमा से लगते चोर रास्तों को जेसीबी से बंद करवा दिया हैं। लोगों की शिकायत मिल रही थी कि इन रास्तों का प्रयोग अवैध खनन सामग्री ले जाने के लिए हो रहा है। जिला खनन अधिकारी के निर्देश मिलने पर यह कार्रवाई की गई है।