-गोरखनाथ राजकीय संस्कृत महाविद्यालय में छात्राओं को तनाव प्रबंधन के दिए टिप्स
-महाविद्यालय में महिला विकास प्रकोष्ठ की छात्रा इकाई का गठन, ईशिका बनीं अध्यक्ष
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। गोरखनाथ राजकीय संस्कृत महाविद्यालय, नाहन में महिला विकास प्रकोष्ठ के तत्वावधान में मानसिक स्वास्थ्य एवं तनाव प्रबंधन विषय पर विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज, नाहन से क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट डॉ. सुरभि सूद ने बतौर रिसोर्स पर्सन भाग लेकर विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व से अवगत कराया।
डॉ. सुरभि सूद ने कहा कि वर्तमान समय में तनाव, परीक्षा का दबाव, पारिवारिक समस्याएं और सामाजिक अपेक्षाएं युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित कर रही हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को मानसिक समस्याओं को नजरअंदाज न करने और आवश्यकता पड़ने पर विशेषज्ञ या परामर्शदाता से सहायता लेने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि समय पर सही मार्गदर्शन मिलने से मानसिक समस्याओं से बाहर निकलकर स्वस्थ और सफल जीवन जिया जा सकता है।
महिला विकास प्रकोष्ठ की संयोजक डॉ. विनिता पाल ने बताया कि प्रकोष्ठ की ओर से महाविद्यालय में समय-समय पर कॅरिअर काउंसलिंग, परामर्श सत्र, जागरूकता कार्यक्रम एवं अन्य विकासात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि डॉ. सुमिता शर्मा एवं प्रोफेसर नरेंद्र तोमर के सहयोग से महाविद्यालय में विभिन्न शैक्षणिक कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किए जा रहे हैं। इस दौरान महाविद्यालय में महिला विकास प्रकोष्ठ की छात्रा इकाई का गठन भी किया गया। डॉ. सुरभि सूद ने अध्यक्ष ईशिका शर्मा, उपाध्यक्ष सुमन, महासचिव अंशिता और मीडिया सचिव रितिका शर्मा को बैज पहनाकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. ज्ञानेश्वर शर्मा, डॉ. गिरिराज शर्मा, डॉ. सोमदत्त शर्मा, प्रोफेसर नीरजा तोमर, डॉ. सुमिता शर्मा, प्रोफेसर तारा चंद, प्रोफेसर नरेंद्र तोमर और शशि पाल सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। संवाद