संवाद न्यूज एजेंसी
राजगढ़ (सिरमौर)। इटरनल विश्वविद्यालय बड़ू साहिब अकाल कॉलेज ऑफ इकोनॉमिक्स, कॉमर्स एंड मैनेजमेंट में विश्व उपभोक्ता अधिकार दिवस का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य छात्रों और लोगों को समाज में उपभोक्ता अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जिम्मेदार उपभोक्ता बनने के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम में डॉ. टीएस बनिपाल, डीन अकादमिक अफेयर्स मुख्यातिथि रहे। कार्यक्रम की शुरुआत में डॉ. एसके चौहान, डीन अकाल कॉलेज ऑफ इकोनॉमिक्स, कॉमर्स एंड मैनेजमेंट ने अतिथियों का स्वागत किया और कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डाला।
संयोजक डॉ. देश राज, सहायक प्रोफेसर, वाणिज्य विभाग ने दो दिवसीय कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। इन गतिविधियों में उपभोक्ता जागरूकता रैली, फ्लायर प्रतियोगिता, पोस्टर निर्माण और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, छात्र प्रस्तुतियां, स्किट और नुक्कड़ नाटक शामिल हैं, जिनके माध्यम से विद्यार्थियों को उपभोक्ता अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्यातिथि ने उपभोक्ता जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। छात्रों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक के माध्यम से उपभोक्ता संरक्षण और जागरूकता का संदेश प्रभावी ढंग से समाज तक पहुंचाया गया।
-संवाद