नैनाटिक्कर स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
-अनजान लिंक, फर्जी कॉल और ओटीपी साझा करने से बचने की दी सलाह
संवाद न्यूज एजेंसी
नैना टिक्कर (सिरमौर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नैना टिक्कर में चल रहे सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) शिविर में स्वयंसेवियों को साइबर सुरक्षा, साइबर बुलिंग और ऑनलाइन ठगी से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। जागरूकता सत्र में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कांगर धरयार के प्रधानाचार्य मनोज कुमार शर्मा ने विशेषज्ञ के रूप में विद्यार्थियों को डिजिटल सुरक्षा के जरूरी उपाय बताए।
मनोज कुमार शर्मा ने कहा कि मोबाइल, इंटरनेट और सोशल मीडिया के बढ़ते इस्तेमाल के बीच साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहना जरूरी है। उन्होंने स्वयंसेवियों को मजबूत पासवर्ड रखने, अनजान व्यक्तियों के साथ ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी और निजी दस्तावेज साझा न करने तथा संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन भुगतान और खरीदारी के दौरान भी वेबसाइट और भुगतान प्राप्तकर्ता की सत्यता जांचनी चाहिए।
सत्र में ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, पहचान की चोरी, सोशल मीडिया खाते हैक करने और डिजिटल भुगतान में धोखाधड़ी जैसे साइबर अपराधों की भी जानकारी दी गई। इस अवसर पर प्रधानाचार्य संगीता भट्टी, उपप्रधानाचार्य भूपेंद्र गौतम, एनएसएस प्रभारी सुरेंद्र शर्मा, महिला प्रभारी वर्षा भारद्वाज सहित 35 स्वयंसेवी मौजूद रहे।-