-नशा मुक्त भारत अभियान के तहत पेंटिंग, स्लोगन राइटिंग और डिक्लेमेशन प्रतियोगिताएं आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब/धौलाकुआं (सिरमौर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय माजरा में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। मेरा गांव मेरा देश एक सहारा संस्था के सौजन्य से सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, हिमाचल प्रदेश के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और नशे से दूर रहकर स्वस्थ, सुरक्षित एवं सकारात्मक जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम के मुख्यातिथि आईआरबीएन धौलाकुआं के सब-कमांडेंट प्रवीण ठाकुर रहे। जिला सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से जिला कल्याण अधिकारी गावा नेगी और तहसील कल्याण अधिकारी सुमन ठाकुर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान विद्यार्थियों के लिए पेंटिंग, स्लोगन राइटिंग और डिक्लेमेशन प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने नशे के खिलाफ अपने विचार, संदेश और रचनात्मकता प्रस्तुत करते हुए समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया।
मेरा गांव मेरा देश एक सहारा संस्था के निदेशक अनुराग गुप्ता और अध्यक्ष पुष्पा खंडूजा ने कहा कि नशा मुक्त भारत अभियान को आसपास के विभिन्न विद्यालयों तक पहुंचाया जाएगा। अभियान के तहत विद्यालय स्तर पर पेंटिंग, स्लोगन राइटिंग, डिक्लेमेशन सहित अन्य जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को आगामी चरण और अंतिम दौर के लिए चयनित किया जाएगा।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्य सोनू, अरविंद अग्रवाल, एसएमसी अध्यक्ष कमल कश्यप, रवि कश्यप सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक और स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।-