महिलाओं को बचत, ऋण, बीमा और डिजिटल सुरक्षा के महत्व बताए
माजरा ग्राम पंचायत में वित्तीय साक्षरता शिविर का हुआ आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक और नाबार्ड के संयुक्त तत्वाधान में नया गांव माजरा में वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। माजरा में आयोजित शिविर में बैंक के अधिकारी व कर्मचारियों ने महिलाओं समेत ग्रामीणों को बचत, ऋण, बीमा व डिजिटल सुरक्षा के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
माजरा पंचायत में आयोजित वित्तीय साक्षरता शिविर में बैंक अधिकारी छाया तोमर और सुलोचना ने बताया कि ऐसे शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय जागरुकता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। नाबार्ड और बैंक के सहयोग से वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को बचत, ऋण, बीमा और डिजिटल सुरक्षा के महत्व के बारे में जागरूक करना रहता हैं। शिविर में उपस्थित महिलाओं को डिजिटल लेनदेन के दौरान सतर्क रहने के तरीके बताए गए।
जीवन ज्योति बीमा योजना और सुरक्षा बीमा योजना जैसी सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। इन योजनाओं के तहत मिलने वाले लाभ और सुविधाओं को विस्तारपूर्वक बताया गया। इस अवसर पर बैंक प्रतिनिधियों ने महिलाओं को अपने वित्तीय संसाधनों को सुरक्षित रखने और योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया।
इस दौरान आंगनबाड़ी पर्यवेक्षिका, आशा कार्यकर्ता और ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं ने भाग लिया।
संवाद
...