-शरली पंचायत में 8.62 करोड़ रुपये से बनेगी उठाऊ सिंचाई योजना
-सरकार से मिली स्वीकृति, औपचारिकताएं पूरी कर जल्द शुरू होगा काम
संवाद न्यूज एजेंसी
कफोटा (सिरमौर)। जिला सिरमौर के मस्तभोज क्षेत्र की शरली और गुद्दी मानपुर पंचायतों के लोगों को जल्द ही सूखे की समस्या से राहत मिलने वाली है। प्रदेश सरकार ने इन दोनों पंचायतों के लिए करीब 8.62 करोड़ रुपये की लागत से उठाऊ सिंचाई योजना को स्वीकृति प्रदान कर दी है। योजना के लागू होने से क्षेत्र की कृषि व्यवस्था को बड़ा सहारा मिलेगा।
जानकारी के अनुसार यह सिंचाई योजना नेडा खड्ड से तैयार की जाएगी। योजना के तहत पानी को दो चरणों में उठाकर शरली और गुद्दी मानपुर पंचायतों तक पहुंचाया जाएगा। इससे क्षेत्र की बंजर और वर्षा पर निर्भर जमीनों को सिंचाई सुविधा मिल सकेगी। वर्तमान में इन दोनों पंचायतों में सिंचाई का कोई स्थायी साधन उपलब्ध नहीं है।
ऐसे में बारिश पर निर्भर खेती होने के कारण किसानों को अक्सर नुकसान झेलना पड़ रहा है। विशेषकर वर्षा कम होने की स्थिति में अदरक, टमाटर, आलू, लहसुन, शिमला मिर्च और फ्रांसबीन जैसी नकदी फसलें प्रभावित हो रही हैं। क्षेत्र के कई किसानों ने सेब, आड़ू, खुमानी और प्लम के बगीचे भी लगाए हुए हैं, लेकिन सिंचाई सुविधा के अभाव में उन्हें पर्याप्त उत्पादन नहीं मिल पा रहा था। अब योजना के शुरू होने से किसानों को बेहतर उत्पादन की उम्मीद जगी है।
स्थानीय ग्रामीण खतरी राम, लायक राम, दयाल सिंह, राजेंद्र सिंह, रत्ती राम और मनिया राम ने सरकार के इस फैसले पर खुशी जताते हुए कहा कि लंबे समय से वे सिंचाई सुविधा की मांग कर रहे थे। योजना की स्वीकृति से उनके सपने साकार हुए हैं और अब उनकी फसलें सूखने से बचेंगी।
जलशक्ति विभाग कफोटा के सहायक अभियंता रविंद्र शर्मा ने बताया कि शरली और गुद्दी मानपुर पंचायतों के लिए 8.62 करोड़ रुपये की उठाऊ सिंचाई योजना को मंजूरी मिल चुकी है। जल्द ही योजना के टेंडर आमंत्रित किए जाएंगे, जिसके बाद निर्माण कार्य शुरू करवाया जाएगा। संवाद