आधार कार्ड बनाने के लिए हफ्तेभर करना पड़ रहा इंतजार
इंटरनेट कनेक्टिविटी धीमी, रोजाना लग रही लंबी कतारें
एकमात्र उप डाकघर नौहराधार में बनते रहे आधार कार्ड
क्षेत्र की चार दर्जन पंचायतों के लोग झेल रहे भारी परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
नौहराधार (सिरमौर)। श्री रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र की चार दर्जन से अधिक पंचायतों के लोगों को नए आधार कार्ड बनाने और पुराने कार्ड अपडेट कराने के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
क्षेत्र के लोगों को आधार कार्ड बनाने के 60 से 70 किलोमीटर का सफर तय करके नौहराधार पहुंचना पड़ रहा है। परेशानी की बात ये है कि दूरदराज के क्षेत्र से नौहराधार पहुंचने के बाद भी लोगों को आधार कार्ड बनाने के लिए 5 से 6 दिन का इंतजार करना पड़ रहा है।
सुबह आठ बजे से ही उपडाकघर कार्यालय के बाहर कार्ड बनाने के लिए लोगों की लाइनें लग रही हैं। डाकघर में इंटरनेट कनेक्टिविटी धीमी होने के कारण दिन में मात्र 10 से 12 आधार कार्ड ही बन पा रहे हैं।
नतीजतन दिनभर का लंबा इंतजार करने के बाद शाम को लोगों को मायूस होकर अपने घरों को लौटना पड़ता है। इंटरनेट कनेक्टिविटी के अलावा डाकघर में स्टाफ का भी भारी टोटा है, जिस कारण समस्या गंभीर बनी हुई है। दूरदराज के क्षेत्रों से कई लोग अपने कार्य के लिए गाड़ी लेकर नौहराधार पहुंच रहे हैं।
इससे जहां उनका समय बर्बाद हो रहा है वहीं आर्थिक चपत भी लग रही है।
नौहरधार के उप डाकपाल कल्याण सिंह ने बताया कि इंटरनेट कनेक्टिविटी धीमी होने और स्टाफ की कमी के कारण समस्या पैदा हो रही हैं। दिनभर मात्र 10 से 12 आधार कार्ड ही बन पा रहे हैं।
...
कार्ड के चक्कर में छात्रों की पढ़ाई भी प्रभावित
सबसे अधिक समस्या छात्रों को झेलनी पड़ रही है, जो स्कूल से अनुपस्थित रहकर कार्ड बनाने के लिए नौहराधार पहुंच रहे हैं। इस कार्य में कई दिन लगने से उनकी पढ़ाई भी बाधित हो रही है।
महिलाएं भी दूरदराज के क्षेत्रों से आधार से संबंधित कार्य के लिए नौहराधार पहुंच रही हैं। कई महिलाओं को तो अपने छोटे बच्चे भी साथ लाने पड़ रहे हैं।
...
हरिपुरधार और संगड़ाह में भी बनें आधार
रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र में एक ही स्थान को आधार कार्ड के लिए अधिकृत करने से लोगों में सरकार के प्रति भारी रोष व्याप्त है। लोगों ने सरकार से मांग की है कि हरिपुरधार व संगड़ाह क्षेत्र में भी आधार कार्ड बनवाने के लिए प्रशासन की ओर से पंचायत कार्यालय या लोकमित्र केंद्रों में मशीनों की सुविधा प्रदान की जाए।