-नॉट मी बट यू के मूलमंत्र के साथ स्वयंसेवकों को दिया सेवा, नेतृत्व का दिया संदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। राजकीय गोरक्षनाथ संस्कृत महाविद्यालय नाहन में शनिवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) का इंडक्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नव-नामांकित स्वयंसेवकों को एनएसएस की कार्यप्रणाली, उद्देश्यों एवं विभिन्न गतिविधियों से परिचित कराना था।
कार्यक्रम के दौरान एनएसएस इकाई की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें महक (शास्त्री तृतीय वर्ष) को अध्यक्ष, अभय (शास्त्री तृतीय वर्ष) को उपाध्यक्ष, स्मृति (शास्त्री द्वितीय वर्ष) एवं अंजलि (शास्त्री तृतीय वर्ष) को सचिव, दिनेश (शास्त्री तृतीय वर्ष) को सह-सचिव नियुक्त किया गया। वहीं अंबिका, विक्की एवं अंजलि को मीडिया प्रभारी तथा वंदना एवं रवीना को दस्तावेज प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई।
कार्यक्रम अधिकारी डॉ. विनिता पाल ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्य, महत्व एवं उसके आदर्श वाक्य नॉट मी बट यू से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि एनएसएस विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, सेवा-भाव, सामाजिक उत्तरदायित्व और व्यक्तित्व विकास की भावना को सशक्त बनाती है। उन्होंने स्वयंसेवकों से समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए एनएसएस की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
प्राचार्य डॉ. नरेश शर्मा ने नव-नामांकित स्वयंसेवकों को शुभकामनाएं देते हुए उनसे सेवा और समर्पण की भावना के साथ कार्य करने का आग्रह किया। इस अवसर पर आचार्य ओंकार शर्मा, डॉ. सुमिता शर्मा, प्रो. तारा चंद शर्मा, शशिपाल और राहुल भी मौजूद रहे।