बोंगली खेंच स्कूल में शिक्षक नहीं, विद्यार्थी परेशान
स्कूल में महत्वपूर्ण विषयों के अध्यापकों समेत कई अन्य पद लंबे समय से रिक्त
स्कूल में 2016 से कंप्यूटर साइंस और 2021 से नहीं है गणित शिक्षक
इसके अलावा दूसरे कई पद भी रिक्त, एसएमसी में पनपा गहरा रोष
देवराज शर्मा
सराहां (सिरमौर)। पच्छाद क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बोंगली खेंच में प्रवक्ता व अध्यापकों के कई पद खाली चल रहे हैं। इससे यहां दाखिला ले चुके बच्चों को गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा मिलने पर प्रश्न चिह्न लग रहा है।
स्कूल में लंबे समय से रिक्त चल रहे पदों को लेकर स्कूल प्रबंधन समिति की विशेष बैठक आयोजित हुई जिसकी अध्यक्षता एसएमसी प्रधान प्रवीण कुमार ने की। बैठक में लंबे समय से शिक्षकों के रिक्त पदों को लेकर चर्चा की गई। इसके बाद प्रस्ताव पारित करके रिक्त पदों को अविलंब भरने के लिए सरकार व शिक्षा विभाग को भेजने का निर्णय लिया गया। अभिभावकों ने पद जल्द न भरने की सूरत में सड़क पर उतरने का भी निर्णय लिया।
एसएमसी प्रधान प्रवीण कुमार, सदस्य सुनील दत्त शर्मा, कमल किशोर, चतर सिंह, सुमन देवी, सरला देवी, पूनम, सुरेखा व रीना देवी ने बताया कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बोंगली खेच में 2016 से कंप्यूटर साइंस, पीईटी व लिपिक का पद खाली पड़ा हुआ है जबकि टीजीटी गणित का पद 2021 के बाद खाली है।
इस कारण बच्चों का भविष्य अधर में लटका हुआ है। जबकि इस स्कूल में 130 छात्र-छात्राएं शिक्षा ग्रहण करती हैं। यह छात्र-छात्राएं जहां दूरदराज क्षेत्र से पढ़ाई करने आती हैं वहीं ज्यादातर छात्र-छात्राएं निर्धन परिवार से संबंध रखते हैं। इसलिए स्कूल में सभी अध्यापकों की नियुक्ति अनिवार्य होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि एसएमसी की ओर से प्रस्ताव बनाकर प्रदेश सरकार व शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों को भेज दिया गया है। स्कूल के प्रधानाचार्य ओम प्रकाश रनौत ने बताया कि स्कूल में खाली पड़े पदों को लेकर स्कूल प्रबंधन समिति की बैठक हुई जिसमें स्कूल में पड़े खाली पदों को भरने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि स्कूल में खाली पड़े पदों के कारण बच्चों की पढ़ाई व खेलकूद प्रतियोगिता प्रभावित हो रही है।
संवाद