कोलर स्थित किराये के मकान से चल रहा था अवैध शराब का कारोबार
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। जिला पुलिस का अवैध नशे के खिलाफ अभियान जारी है। इसी कड़ी में पुलिस टीम ने माजरा पुलिस थाना के तहत आने वाले कोलर गांव में किराये के मकान में चल रहे अवैध शराब के बड़े कारोबार का भांडाफोड़ किया है। उधर पुलिस की कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मचा है।
एसपी सिरमौर रमन कुमार मीणा ने बताया कि पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कोलर में किराये के मकान में चल रहे शराब के अवैध कारोबार का खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि पुलिस थाना माजरा की पुलिस टीम ने गुप्त सूत्रों से प्राप्त सूचना के आधार पर एक व्यक्ति विरेंद्र लाल मूल निवासी चमौली उत्तराखंड के कोलर स्थित किराये के मकान में दबिश देकर कब्जे से अंग्रेजी शराब की 359 बोतलें, बियर की 240 बोतलें, बियर के 120 कैन तथा देशी शराब की 48 बोतलें बरामद करने में सफलता प्राप्त की है।
एसपी ने बताया कि आरोपी विरेंद्र लाल के खिलाफ पुलिस थाना माजरा में हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के अन्तर्गत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि पुलिस का अवैध नशे के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि अपने आसपास के क्षेत्रों में अवैध नशे के कारोबार करने वालों की सूचना पुलिस को दें।