-जोहड़ों से खैरी तक सड़क केे दोनों ओर खड़े ट्राले-कंटेनर लग रहा जाम, राहगीरों की बढ़ी मुश्किलें
-कालाअंब पंचायत पुलिस को ज्ञापन सौंपकर अवैध पार्किंग हटाने की करेगी मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
कालाअंब (सिरमौर)। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब से त्रिलोकपुर जाने वाले मार्ग पर जोहड़ों से लेकर एचएम स्टील उद्योग और खैरी तक सड़क के दोनों ओर अवैध रूप से खड़े भारी वाहन आम लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गए हैं। कई ट्राले और कंटेनर गलत दिशा में भी पार्क किए जा रहे हैं। इससे पहले से सिंगल लेन इस सड़क पर यातायात व्यवस्था लगातार बिगड़ रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, जोहड़ों से खैरी तक त्रिलोकपुर मार्ग के दोनों ओर बड़ी संख्या में ट्राले और कंटेनर खड़े रहते हैं। ऐसे में आमने-सामने से आने वाले वाहनों को निकलने में दिक्कत होती है, जबकि पैदल राहगीरों को भी भारी वाहनों के बीच से गुजरना पड़ता है। त्रिलोकपुर मार्ग कालाअंब के औद्योगिक क्षेत्र को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। इस सड़क से प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही होती है। पहले से ही सड़क सिंगल लेन होने के कारण यातायात का दबाव रहता है, लेकिन दोनों ओर बेतरतीब ढंग से खड़े भारी वाहनों के कारण जाम जैसे हालात बन रहे हैं।
स्थानीय निवासी सीताराम, आकाश, धर्मेंद्र, गीता रानी, लवली, दिनेश, मोहन लाल, चंपा देवी, सुनीता, हेतराम, ललित कुमार, देवेंद्र और अश्वनी ने बताया कि सुबह और शाम के समय स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, त्रिलोकपुर माता मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं और आम राहगीरों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ती है। उनका कहना है कि सड़क के दोनों ओर खड़े ट्राले और कंटेनर यातायात को बाधित करने के साथ-साथ हादसों का खतरा भी बढ़ा रहे हैं।
ग्राम पंचायत त्रिलोकपुर के प्रधान सुरेंद्र कुमार और ग्राम पंचायत कालाअंब के उपप्रधान अशोक कुमार ने बताया कि त्रिलोकपुर मार्ग पर अवैध और गलत दिशा में खड़े भारी वाहनों को हटाने के लिए पुलिस थाना कालाअंब को शीघ्र ही लिखित ज्ञापन सौंपा जाएगा। उन्होंने कहा कि सड़क को अतिक्रमण और अवैध पार्किंग से मुक्त कराकर आम लोगों को सुरक्षित और सुगम यातायात उपलब्ध कराया जाना चाहिए।-