सतौन (सिरमौर)। गिरिपार क्षेत्र के कफोटा सब डिविजन के सतौन में पानी की समस्या दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। आईपीएच की कार्यप्रणाली को लेकर ग्रामीणों में भारी रोष है। ग्रामीणों ने कई बार विभाग को शिकायत भी की है लेकिन इसका कोई समाधान नहीं किया जा रहा।
सतौन पंचायत में विभाग के अनुसार लगभग 4000 के करीब जनसंख्या पर 600 पानी के कनेक्शन हैं लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही है। सूत्र बताते हैं कि लगभग सौ कनेक्शन अवैध रूप से लगाए गए हैं। विभाग जांच करें तो इसका खुलासा हो सकता है। विभाग के पास 80 हजार लीटर पानी का स्टोर टैंक है। विभाग दो बार पानी की सप्लाई छोड़ रहा है। दिन में 1.60 लाख लीटर पानी की सप्लाई सतौन के ग्रामीणों को की जा रही है, जो नाकाफी है। विभाग इसमें भी सप्लाई समांतर नहीं कर पा रहा है। कहीं पानी दो तीन मंजिल पर जा रहा है तो कहीं पानी जमीन लेवल पर भी नहीं मिल रहा।
ग्रामीण राजेंद्र सिंह, प्रेम तोमर, देवेंद्र सिंह, धनवीर चौहान ने बताया कि सतौन में लगभग 200 के करीब ग्रामीणों ने मोटरें लगा रखी है। ग्रामीणों ने बताया कि कई लोगों ने घरों पर एक हजार से 1500 लीटर के टैंक लगा रखे हैं। ऐसे लोगों पर विभाग कोई कार्रवाई नहीं कर रहा।
उधर, सतौन सेक्शन के कनिष्ठ अभियंता रघुवीर चौहान ने बताया कि विभाग को अवैध कनेक्शन और मोटरों के लगे होने की सूचना मिली है। जल्द ही विभाग इस पर कार्रवाई करेगा। यदि कोई अवैध कनेक्शन पाया गया तो उसे तुरंत काट दिया जाएगा।