नाहन (सिरमौर)।हिमाचल परिवहन सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण मंच की बैठक शुक्रवार को कृष्ण मंदिर नाहन के परिसर में संपन्न हुई। बैठक में कर्मचारियों की पेंशन संबंधी समस्याओं पर गहन मंथन किया गया। मंच के महासचिव लक्ष्मीचंद ने बताया कि कर्मचारियों की तीन माह से पेंशन लंबित पड़ी हुई है। इस वजह से पेंशनरों को परिवार का पालन पोषण करना मुश्किल हो गया है। यही नहीं सेवानिवृत्त कर्मचारियों को डीए के लंबित भुगतान के साथ-साथ चिकित्सा बिलों का भुगतान अभी तक नहीं हो पाया है। इस दौरान पेंशनरों ने सरकार व निगम प्रबंधन के प्रति रोष भी जताया।
मंच के पदाधिकारियों ने सरकार व निगम प्रबंधन से हर माह पांच तारीख को पेंशन का भुगतान करने के लिए आवाज बुलंद की। साथ ही 65 वर्ष के सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों को नियमानुसार पेंशन में बढ़ोतरी कर अदायगी करने की मांग पर भी जोर दिया।
बैठक में कहा गया कि जिन सेवानिवृत्त कर्मचारियों को ग्रेच्युटी लीव इन कैशमेंट लंबित पड़ी है, उसका भी शीघ्र भुगतान किया जाए। इस मौके पर सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया कि पेंशनरों को पेश आ रही दिक्कतों को लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, परिवहन मंत्री जीएस बाली, एचआरटीसी के प्रबंध निदेशक के अलावा नाहन के विधायक राजीव बिंदल व पांवटा के विधायक किरनेश जंग को भी प्रतियां भेजकर अवगत करवाया जाएगा। साथ ही समस्याओं का जल्द समाधान मांगा जाएगा। मंच ने साफ शब्दों में कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों के साथ सरकार व निगम प्रबंधन सौतेला व्यवहार करना बंद करे।
इस मौके पर राजेंद्र कुमार पाहवा, लायकराम, मोहम्मद नाजिर, मोह मद नाजिम, अमन कुमार, बृज भूषण, राजेंद्र सिंह, गोरखू राम, लायक राम, बिमला देवी, बिना धवन, निशा तोमर, बृजवासी, ब्रह्मस्वरूप, अशोक शर्मा, हरशरण शर्मा, सतीश चंद, जगत राम, इंद्र सिंह, तुलसी राम व असरफ अली उपस्थित रहे।