देय राशि का भुगतान न होने पर पथ परिवहन निगम के कर्मचारियों में भारी रोष है। भविष्य निधि की राशि खाते में नहीं आने पर कर्मचारियों ने वीरवार को वर्कशॉप में निगम प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कर्मचारियों का कहना है कि प्रबंधन अपनी मनमानी पर उतर आया है। एक साल से कई कर्मचारियों की भविष्य निधि की राशि उनके खाते में जमा नहीं हो पाई है। इस कारण कर्मचारियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
हिमाचल पथ परिवहन निगम संयुक्त समन्वय समिति नाहन क्षेत्र के कर्मचारी गेट मीटिंग के दौरान भारी संख्या में एकत्रित हुए थे। उन्होंने भविष्य निधि की राशि एक साल से खाते में न डालने पर निगम के खिलाफ नारेबाजी की। वहीं, देय राशि का भुगतान न करने, पीस मिल वर्करों को न्यूनतम वेतन पर समायोजित करने जैसी मांगों को लेकर भी हल्ला बोला।
इस दौरान समिति महासचिव कन्हैया लाल, सुरेश कुमार, तकनीकी संगठन के जुल्फीकार, इंटक के मो. नासिर, जमीन खां, चालक संघ के श्याम लाल आदि भारी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे। कन्हैया लाल ने बताया कि मांगों को लेकर 16 मई तक रोजाना गेट मीटिंग कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। फिर भी मांगों को नहीं माना गया तो आगामी रणीनीति तैयार की जाएगी।