सिरमौर के 3 क्षेत्रों को औद्योगिक कोरीडोर सुविधा से जोड़ा जा रहा है। उद्योग विभाग ने जिले के माजरा, नाहन व पांवटा के प्रस्ताव मंजूरी के लिए भेजे थे। उद्योग विभाग से इसकी मंजूरी मिल गई है। अब जल्द ही इन क्षेत्रों को भी घोषित औद्योगिक क्षेत्रों कालाआंब व गोंदपुर पांवटा की तरह सुविधाएं मिल सकेगी।
प्रदेश में औद्योगिक घोषित क्षेत्रों में सरकार व विभाग बिजली, पानी व सड़कों की सुविधा प्रदान करते हैं। जिले के गोंदपुर, धौलाकुआं व कालाअंब औद्योगिक क्षेत्रों में सैकड़ों इकाईयां संचालित हो रही है। जबकि, पांवटा, माजरा व नाहन में कुछ स्थलों पर निजी भूमि व क्षेत्र में औद्योगिक इकाइयां स्थापित की गई है। प्रदेश सरकार ने ऐसे स्थलों को चिन्हित करने का प्राकलन भेजने को कहा था। उसके बाद जिले से तीन स्थलों को कोरीडोर सुविधा से जोड़ने का प्राकलन मंजूरी को भेजा था।
उधर, महाप्रबंधक उद्योग विभाग नाहन ज्ञान सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार, उद्योग मंत्री व विभाग से इस प्राकलन को मंजूरी मिल गई है। उसके बाद सिरमौर के नाहन, पांवटा व माजरा क्षेत्रों को औद्योगिक कोरीडोर से जोड़ा जा सकेगा। इन चिन्हित स्थलों के उद्यमियों को भी औद्योगिक क्षेत्रों की तर्ज पर प्रदेश सरकार सुविधाएं मुहैया करवाएगी।