संस्कृत कॉलेज नाहन में फीस वृद्धि के विरोध में हस्ताक्षर अभियान चलाते एबवीवी कार्यकर्ता। स्रोत
-एचपीयू समेत तीन विश्वविद्यालयों की बढ़ी फीस वापस लेने की उठाई मांग
-छात्र संघ चुनाव बहाल करने और मांगें पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) संस्कृत महाविद्यालय नाहन इकाई की ओर से शनिवार को महाविद्यालय परिसर में विद्यार्थियों की विभिन्न मांगों को लेकर हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विद्यार्थियों को फीस वृद्धि और छात्र संघ चुनाव सहित अन्य मांगों के बारे में जागरूक किया गया।
इकाई अध्यक्ष आदित्य ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की ओर से फीस में की गई 25 से 30 प्रतिशत वृद्धि, डॉ. यशवंत सिंह परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय में 15 से 18 प्रतिशत और चौधरी सरवन कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर में 12 से 18 प्रतिशत की गई फीस वृद्धि को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए। लगातार बढ़ रही फीस विद्यार्थियों और उनके परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रही है।
उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर और सामान्य परिवारों से आने वाले विद्यार्थियों को फीस वृद्धि के कारण विशेष परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। शिक्षा प्रत्येक विद्यार्थी का महत्वपूर्ण अधिकार है, इसलिए अनावश्यक फीस वृद्धि के निर्णय पर सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन को पुनर्विचार करना चाहिए। एबीवीपी ने प्रदेश में छात्र संघ चुनाव तत्काल बहाल करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई।
उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों की सहमति दर्ज कर उनकी मांगों को उचित माध्यम से सरकार और संबंधित प्रशासन तक पहुंचाया जाएगा। यदि मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होती है तो विद्यार्थी परिषद आगामी समय में छात्रहित में आंदोलन को और व्यापक रूप देने के लिए आवश्यक कदम उठाएगी। इस मौके पर इकाई मंत्री रुद्र शर्मा, इकाई सोशल मीडिया प्रमुख शिवम शर्मा समेत इकाई के अन्य कार्यकर्ता और विद्यार्थी मौजूद रहे।