डाइट नाहन में तैयार की जा रही योजना, जिला समन्वयक दे रहे अपनी इंटरवेंशन
शिक्षा में गुणवत्ता, इन्फ्रास्ट्रक्चर समेत दूसरी योजनाओं का बजट रहेगा शामिल
पंकज तन्हा
नाहन (सिरमौर)। समग्र शिक्षा सिरमौर ने वर्ष 2024-25 के लिए वार्षिक योजना तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसे बहुत जल्द तैयार करके राज्य समग्र शिक्षा को प्रेषित किया जाएगा। वहां से प्रदेश के सभी जिलों से मिले प्रस्तावों की नियत योजना तैयार करके इसे केंद्र सरकार को मंजूरी के लिए भेजा जाएगा, जो करोड़ों रुपयों की होगी।
जानकारी के अनुसार जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) नाहन में कार्यकारी परियोजना अधिकारी हिमांशु भारद्वाज के नेतृत्व में यह वार्षिक योजना तैयार की जा रही है।
इसमें जिला समन्वयक अपनी-अपनी जानकारी उपलब्ध करवा रहे हैं।
वार्षिक योजना में स्कूलों में इन्फ्रास्ट्रक्चर सहित अन्य सुविधाओं को शामिल किया जा रहा है। इसमें शिक्षा में गुणवत्ता लाने, स्कूलों में मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने, शिक्षकों, मुख्याध्यापकों और प्रधानाचार्योॅ के प्रशिक्षण व वोकेशनल शिक्षा आदि कई योजनाएं शामिल की जा रही हैं।
इसके साथ ही प्री प्राइमरी शिक्षा का बजट भी शामिल रहेगा। बता दें कि हर साल कई स्कूलों में प्री प्राइमरी शिक्षा शुरू करने के लिए उक्त बजट योजना के तहत ग्रांट मांगी जाती है।
इसके साथ नए स्कूलों में वोकेशनल शिक्षा शुरू करने के लिए भी राज्य समग्र शिक्षा विभाग से बजट की डिमांड की जाती है। इन सभी चीजों के लिए बजट को भी वार्षिक योजना में शामिल किया जा रहा है।
इसके अलावा इस बार कई नई योजनाएं भी वार्षिक योजना में शामिल हो सकती हैं। इसमें चुनौती पूर्ण छात्रों और निराश्रित बच्चों की पढ़ाई करवाने और शिक्षकों के लिए एक्सपोजर भ्रमण भी शामिल किया जा सकता है।
छठीं से आठवीं तक प्री वोकेशनल शिक्षा शुरू की गई है। इसके लिए भी बजट की डिमांड को वार्षिक योजना में शामिल किया जाना निश्चित है। इसके अलावा दिव्यांग बच्चों के लिए चिकित्सा शिविर, व्हीलचेयर, नए स्कूल भवन, पुराने भवनों की मरम्मत समेत अन्य कार्यों के बजट को वार्षिक योजना में तैयार किया जा रहा है।
समग्र शिक्षा सिरमौर के कार्यकारी परियोजना अधिकारी हिमांशु भारद्वाज ने कहा कि वर्ष 2024-25 के लिए वार्षिक योजना तैयार की जा रही है। इसका प्रस्ताव जल्द शिमला भेज दिया जाएगा। संवाद