संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। हिमालयन जन कल्याण एवं संस्कृति मंच (हिमजनमंच) ने आस्था स्कूल नाहन में बहुभाषी कवि सम्मेलन और गीत गायन कार्यक्रम आयोजित किया। कला, संस्कृति व भाषा अकादमी शिमला के सौजन्य से आयोजित इस कार्यक्रम में नगर परिषद नाहन की अध्यक्ष उपमा धीमान ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। जबकि ज्ञान-विज्ञान समिति सिरमौर के अध्यक्ष संतराम चौहान ने अध्यक्षता की। हिमजनमंच के अध्यक्ष केएस नेगी ने सभी अतिथियों और आगंतुकों का स्वागत किया। इसके बाद सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का दौर शुरू हुआ। मनीष कुमार मुसाफिर ने शिव कैलाशों के वासी.., पहाड़ी गीत गाकर माहौल को भक्तिमय कर दिया। वहीं, विशाल कश्यप ने अपनी मखमली आवाज में गजल पेश की। इसके बाद सुनील मोहित ने कुंजू चंचलो.., गीत से वाहवाही लूटी।
दूसरे चरण में दीपचंद कौशल, अर्चना शर्मा, दिलीप वशिष्ठ, लायक राम शास्त्री और प्रताप पराशर ने कविताएं पेश की। दीपचंद कौशल ने तंबाकू और चिता.., से तीखा तंज कसा। इस दौरान नशे के खिलाफ जागरूक करने के लिए नशे से टूटा जीवन से रूठा.., नामक नुक्कड़ नाटक का जीवंत प्रस्तुतिकरण किया गया।
मुख्यातिथि उपमा धीमान ने इस सफल आयोजन के लिए हिमजनमंच को बधाई दी। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि हिमाचल सरकार सूबे में नशा रोकने के लिए पूरी तरह संकल्पित है। कार्यक्रम के अंत में मुख्यातिथि ने सभी कवियों और प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न व पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मनीष कुमार, काजल बादल, अनस, हर्ष खान, मोनिका शर्मा, आंचल शर्मा, तोहिद, जतिन पुंडीर और आस्था स्कूल के प्रीतम आदि मौजूद रहे।