चूड़ेश्वर सांस्कृतिक मंडल के कलाकारों ने लखनऊ राजभवन में दी प्रस्तुति
राजभवन में धूमधाम से मनाया गया हिमाचल प्रदेश का स्थापना दिवस
संवाद न्यूज एजेंसी
राजगढ़ (सिरमौर)। लखनऊ स्थित राजभवन में हिमाचल प्रदेश का स्थापना दिवस बड़े हर्षोल्लास से मनाया गया। कार्यक्रम की मुख्यातिथि उत्तरप्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल रहीं। जबकि समारोह में भाषा एवं संस्कृति विभाग हिमाचल प्रदेश के सौजन्य से चूड़ेश्वर सांस्कृतिक मंडल के कलाकारों ने प्रस्तुति दी।
कलाकारों ने हाटी समुदाय की परंपरागत नाटी के अंतर्गत ठोड़ा नृत्य, रिहाल्टी गी, दीपक नृत्य, परात नृत्य और रासा नृत्य की शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मनोरंजन किया।
पर्यावरण और देव परंपरा से संबंधित सिरमौर के गिरिपार का लगभग पांच सौ वर्ष पुराना सिंहटू नृत्य भी सांस्कृतिक कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा। प्रसिद्ध लोक कलाकार डाॅ. जोगेंद्र हाब्बी ने बताया कि सांस्कृतिक कार्यक्रम में देव शर्मा और उनके साथियों ने भी नाटी, पढुंआं और लम्बड़ा बखूबियत पेश किया।
कार्यक्रम के दौरान चूड़ेश्वर मंडल के कलाकारों ने राज्यपाल को पारंपरिक हिमाचली टोपी और मफलर पहनाकर सम्मानित किया। चूड़ेश्वर मंडल के कलाकारों में लोक कलाकार गोपाल हाब्बी, रामलाल वर्मा, बिमला चौहान, चमन, संदीप, सुनील, नवीन, देवीराम, बलदेव, नरेंद्र, सरोज, अनु, पायल, हेमलता, तनु, आरती, प्रीति, दिनेश और इंद्र सहित कई कलाकार शामिल रहे।
-संवाद