युवाओं को विभिन्न औषधीय पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण तथा हरित भविष्य का संदेश
स्कूल के विद्यार्थियों को अधिक से अधिक पौधे लगाने व नियमित देखभाल करने को प्रेरित किया
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। हिल व्यू पैराडाइस ईको क्लब ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। विद्यालय परिसर में औषधीय एवं जड़ी-बूटी वाले पौधों का रोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति प्रेम, पर्यावरण संरक्षण की भावना तथा औषधीय पौधों के महत्व के प्रति जागरूकता विकसित करना था। विद्यार्थियों ने पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का भी संकल्प लिया।
मंगलवार को हुए कार्यक्रम में हिल व्यू पब्लिक स्कूल के अकादमिक डायरेक्टर अजय शर्मा ने विद्यार्थियों को अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्य आशू शर्मा, ईको क्लब प्रभारी शिवानी एवं उप प्रभारी इमराना विशेष रूप से उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में विद्यालय की डायरेक्टर पूनम गोयल तथा अकादमिक डायरेक्टर अजय शर्मा ने भी सहभागिता करते हुए विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
डायरेक्टर पूनम गोयल ने कहा कि औषधीय पौधे न केवल पर्यावरण को शुद्ध नहीं करते, बल्कि मानव स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत लाभकारी हैं। प्रधानाचार्य आशू शर्मा ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों में सामाजिक उत्तरदायित्व, पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता तथा प्रकृति के संरक्षण की भावना को सुदृढ़ करते हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी सुरक्षा करने तथा पर्यावरण को स्वच्छ एवं हरित बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया।-