पांवटा साहिब (सिरमौर)। बरसात का मौसम पांवटा शहर के लोगों के लिए मुश्किलें लेकर आया है। बारिश के पानी से शहर की सड़कें और गलियां पानी-पानी हो रही हैं। देहरादून से पांवटा एनएच-7 के वाई प्वाइंट से चौधरी गली में जलभराव विकराल रूप धारण कर चुका है। दो सप्ताह पहले यहां खुदाई की गई थी जिससे हालात और भी ज्यादा बिगड़ गए हैं।
वार्ड-6 निवासी जीएस चौधरी, एनपीएस सहोता, शैली व शानू ने बताया कि दो सप्ताह पहले इस गली की खुदाई की गई। अब सीवरेज लाइन भी दबा दी गई है लेकिन सड़क खुदाई के बाद दलदल हो गई है। जरा सी बारिश पड़ने पर सारा कीचड़ व गली का पानी घरों में जा रहा है। कुछ घरों से बाहर तक निकलना कठिन होता है। छोटे वाहन व पैदल तक चलना कठिन हो चुका है।
पांवटा निवासी कैप्टन पीसी भंडारी, ठाकुर मीत सिंह, चतर सिंह तोमर, सुरजीत सिंह, सीआर शर्मा, रामलाल शर्मा, गुरविंद्र सिंह, भरत राणा, सतीश कपूर, अरमान खान, दिनेश शर्मा, प्रदीप सिंह व मोहन तोमर का कहना है कि एनएच पर भी कई स्थलों पर सीवरेज लाइन दबाने को खुदाई की गई है। इसको बरसात आने से पहले तक ठीक करवाना जरूरी था लेकिन वाई प्वाइंट, रतन हैरिटेज के पास व होटल पांवटा वैली के समीप समेत कुछ स्थलों पर मार्ग ठीक नहीं किया गया है जिससे आसपास पड़ी मिट्टी व खड्डे से छोटे व बड़े वाहनों को दिक्कतें हो रही हैं।
उधर, नगर परिषद कमेटी उपाध्यक्ष नवीन शर्मा ने कहा कि कुछ स्थलों से दिक्कतें आ रही है। एनएच प्राधिकरण से खोदी सड़क ठीक करवाने व आसपास से मिट्टी हटवाने का आग्रह किया जाएगा। नप कमेटी के वार्ड-6 में चौधरी गली की समस्या दूर करवाने के प्रयास होंगे।