नाहन (सिरमौर)। सिरमौर जिले में कोरोना संक्रमण के मामलों में लगातार इजाफा हो रहा है। जिले के विभिन्न इलाकों में कोरोना का जाल फैल रहा है। मंगलवार को एक नवजात समेत जिले में कोरोना संक्रमण के 20 नए लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई। जिले में कुल 203 मामलों की जांच की गई। आरटीपीसीआर से 130, रैपिड एंटीजन टेस्ट में 73 मामलों की जांच हुई। इनमें आरटीपीसी में नौ और रैपिड एंटीजन टेस्ट में 11 मामले पॉजिटिव पाए गए। उधर, मंगलवार को 12 लोगों ने कोरोना से जंग जीत ली।
जिले में कोरोना संक्रमण की रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही। मंगलवार को डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज नाहन की कोविड लैब में आरटीपीसीआर के तहत हुई जांच में विभिन्न क्षेत्रों के लोग पॉजिटिव पाए गए। कालाअंब में एक साथ तीन लोग पॉजिटिव आए हैं जिनकी उम्र 33, 35 और 36 वर्ष है।
इसके अलावा अमरपुर मोहल्ला नाहन में 53, बर्मापापड़ी में 39, पांवटा के मानल में 61 वर्षीय पुरुष पॉजिटिव आए। जबकि शिवपुर में 50 वर्षीय महिला और 14 वर्ष का बालक भी पॉजिटिव आया। रोनहाट में एक नवजात भी पॉजिटिव आया है। सीएमओ डॉ. केके पराशर ने बताया कि संक्रमित आए लोगों को आईसोलेट किया गया है। उन्होंने कहा कि मंगलवार को 12 संक्रमितों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। अब यह लोग ठीक हो गए हैं।