नाहन मेडिकल कॉलेज मे सामाजिक दूरी की धज्जियां उड़ाकर खड़े लोग।
- फोटो : NAHAN
संगड़ाह (सिरमौर)। रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र के हरिपुरधार में लिए गए कोरोना वायरस सैंपलों की रिपोर्ट में रविवार को शिलाई चुनाव क्षेत्र के जरवा निवासी युवक पॉजिटिव पाया गया। इस व्यक्ति के संक्रमित आने के बाद क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है।
इस प्रकार क्षेत्र में कोरोना महामारी का यह पहला मामला पाया गया। कोरोना महामारी और लॉकडाउन के बाद इस क्षेत्र के लोगों में इस जानलेवा बीमारी के प्रति कोई भय दिखाई नहीं दे रहा था, लेकिन क्षेत्र में एकाएक आए कोरोना पॉजिटिव मामले के बाद लोगों में भय साफ तौर पर दिखाई दे रहा है।
कोरोना पॉजिटिव आए युवक का यात्रा विवरण में मुखर्जी नगर दिल्ली से जुड़ा है, जहां से वह घर लौटा था। सिरमौर की सीमा पर पहुंचने के बाद कालाअंब में उसे संस्थागत क्वारंटीन किया गया। 3 जुलाई को लिए गए सैंपलों में उक्त व्यक्ति की रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उसे होम क्वारंटीन की सलाह देते हुए घर भेज दिया लेकिन राहत की बात है कि वह हरिपुरधार में किसी व्यक्ति से नहीं मिला, जिससे कोरोना के संक्रमण फैलने की संभावना कम होगी।
उपमंडल अधिकारी संगड़ाह राहुल कुमार ने बताया कि कोरोना संक्रमित को हरिपुरधार में उसके भाई के होम स्टे के एक कमरे में क्वारंटीन किया गया था। करीब 1 सप्ताह वहां रहने के बाद उसने कोरोना टेस्ट करवाने का मन बनाया। 2 दिन पूर्व लिए गए कोरोना सैंपल में इसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने उसे त्रिलोकपुर कोविड केयर सेंटर शिफ्ट कर दिया गया है। उसके भाई का भी कोरोना टेस्ट करवाया जाएगा।
.............