नाहन में बाजार बंद होने से पसरा सन्नाटा।
- फोटो : NAHAN
नाहन (सिरमौर)। जनपद सिरमौर के लिए सोमवार को राहत की खबर आई है। कोरोना संकट के बीच सात लोगों ने कोरोना वायरस को मात दे दी। जिला सिरमौर में अब एक्टिव मामलों की संख्या 15 से घटकर 10 रह गई है। कोरोना को मात देने वाले सभी सात लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्हें अब घर भेजा जाएगा। हालांकि, अगले 14 दिनों तक वे होम क्वारंटीन में रहेंगे।
जिला सिरमौर में कोरोना संक्रमण कुल 34 केस दर्ज हो चुके हैं। इनमें से अब महज आठ एक्टिव केस रह गए हैं। उपायुक्त डॉ. आरके परूथी ने बताया कि स्वस्थ हुए सात लोगों में 2 व्यक्तियों ने केवल दस दिन तथा पांच व्यक्तियों ने 15 दिनों में स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया।
स्वस्थ हुए लोगों में पांच व्यक्तियों की रिपोर्ट दूसरे फॉलोअप टेस्ट व दो व्यक्तियों की रिपोर्ट पहले फॉलोअप टेस्ट में निगेटिव आई है। उन्होंने बताया कि इन सात लोगों में कच्चा टैंक नाहन निवासी 45, 30 और 24 वर्षीय तीन महिलाएं, नाहन के होली हार्ट पब्लिक स्कूल के समीप रहने वाली 44 वर्षीय महिला और 17 वर्षीय युवक, कोलांवालाभूड के 40 वर्षीय व्यक्ति तथा कालाआंब का 28 वर्षीय व्यक्ति शामिल हैं।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि कोरोना संक्रमण से बचने के लिए सभी को अपनी रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने के लिए नियमित रूप खाद्य पदार्थों के सेवन के साथ साथ व्यायाम और योग करते रहना चाहिए। इसके अतिरिक्त कोई भी व्यक्ति अनावश्यक रूप से घर से बाहर न जाए। जितना हो सके अपने घर पर ही रहें तथा प्रशासन की ओर से समय-समय पर कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए बताई गई सावधानियों का पालन करें। इनमें सामाजिक दूरी, मास्क का प्रयोग तथा नियमित तौर पर अपने हाथों को साबून से धोना शामिल हैं। इसके अलावा सैनिटाइजर का इस्तेमाल भी हाथ साफ करने के लिए किया जा सकता है।