पांवटा बैरियर पर जम्मू से पहुंचे कामगार।
- फोटो : NAHAN
नाहन (सिरमौर)। लॉकडाउन के बाद बाहरी राज्यों में फंसे जिले के लोगों का अपने घर पहुंचना शुरू हो गया है। 26 अप्रैल से 11 मई तक 3521 लोगों ने सिरमौर में प्रवेश किया है। जबकि पिछले 24 घंटे में जिले में आने वाले लोगों की संख्या 209 है।
जिले के पांच बार्डर क्षेत्रों से लोगों को थर्मल स्क्रीनिंग के बाद ही जिले में आने दिया गया। इनमें कइयों के सैंपल भी लिए गए हैं। रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद कइयों को घर भेज दिया गया है। हालांकि, वे 14 दिनों तक होम क्वारंटीन में रहेंगे।
जनपद सिरमौर कोरोना मुक्त हो गया है। दो पॉजिटिव मामले निगेटिव होने के बाद जिले में अब कोरोना का कोई भी एक्टिव मामला नहीं है। फिर भी बाहरी राज्यों से हजारों की संख्या में पहुंचे लोगों पर प्रशासन कड़ी नजर रखे हुए हैं। होम क्वारंटीन के नियमों को सख्ती से लागू करवाया जा रहा है। नियम तोड़ने वालों पर मामले भी दर्ज किए जा रहे हैं।
एसपी अजय कृष्ण शर्मा ने बताया कि सिरमौर जिले में अब तक कुल 3521 लोग बाहरी राज्यों से आए हैं। जिले के पांच बैरियरों से होकर यह यहां पहुंचे। पिछले 24 घंटों में यहां आने वाले लोगों की संख्या 209 है। उन्होंने सभी से अपील की है कि होम क्वारंटीन के नियमों का पालन करें।
बॉक्स के लिए---
बाजारों में बढ़ रही चहल-कदमी
नाहन/पांवटा साहिब। जिला सिरमौर में कर्फ्यू ढील के दौरान बाजारों में चहल-कदमी बढ़ रही है। तमाम लोग मास्क पहनकर बाजार आ रहे हैं लेकिन सामाजिक दूरी के नियमों को कुछेक स्थानों पर पूरी तरह से पालन नहीं हो रहा। बाजार में निकले लोगों की गलियों में दिखने वाली भीड़ डराने वाली है। पांवटा साहिब में सोमवार को काफी भीड़ देखने को मिली। वाहनों की आवाजाही भी बाजारों में बढ़ गई है। जबकि नाहन बाजार की तंग गलियों में भी भीड़ अधिक देखी जा रही है। कुछ दुकानों में सामाजिक दूरी के नियमों को भी दरकिनार किया जा रहा है।