राजगढ़ के तहत यशवंत नगर में बाहर से आने वालों की थर्मल स्क्रीनिंग करते आयुर्वेदिक विभाग के कर्मच?
- फोटो : NAHAN
नाहन/ पांवटा साहिब (सिरमौर)। सिरमौर के लिए राहत भरी खबर है। पिछले करीब डेढ़ महीने से तारुवाला क्वारंटीन सेंटर में क्वारंटीन किए गए 33 जमातियों सहित कुल 51 लोगों की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई है। इससे जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने राहत की सांस ली है। जमातियों के सैंपल तीसरी बार लिए गए। हालांकि, फिलहाल सभी जमाती क्वारंटीन सेंटर में ही रखे गए हैं लेकिन इन्हें घर भेजा जा सकता है। स्वास्थ्य विभाग ने इसके संकेत दिए हैं यानि रमजान की ईद अब यह लोग अपने घरों में परिवार के साथ मना सकेंगे।
गौरतलब है कि दिल्ली मरकज से लौटे 35 जमातियों को तारुवाला क्वारंटीन सेंटर में क्वारंटीन किया गया। इनमें से सात अप्रैल को एक जमाती की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। अब वह ठीक हो गया है। जबकि 22 अप्रैल को इसी सेंटर का एक अन्य व्यक्ति पॉजिटिव हो गया। लिहाजा यहां रखे गए 33 जमातियों के तीसरी बार सैंपल लिए गए। तीनों बार रिपोर्ट निगेटिव आई है। जमातियों समेत मंगलवार को पांवटा से कुल 44 लोगों के सैंपल जांच को भेजे गए थे। जबकि सात सैंपल नाहन मेडिकल कॉलेज से कसौली गए। इन तमाम सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आई है। वहीं बीएमओ राजपुर डॉ. अजय देयोल का कहना है कि 33 जमातियों की फाइनल रिपोर्ट निगेटिव आई है। इसके बाद इन जमातियों को जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के निर्देश मिलते ही घर भेजने की व्यवस्था की जाएगी।
उधर, सीएमओ सिरमौर डॉ. केके पराशर ने पुष्टि की है। सीएमओ ने बताया कि जिला सिरमौर से भेजे गए सभी 51 सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आई है। इनमें 33 जमाती भी शामिल हैं। तीसरी बार रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद अब जमातियों सेंटर से डिस्चार्ज किया जा रहा है। अब प्रशासन इन सब जमातियों को घर भेजने की व्यवस्था करेगा।