नाहन (सिरमौर)। सिरमौर प्रशासन ने बगैर मास्क बाजार में आने वालों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पिछले करीब पांच दिनों के भीतर पुलिस ने मास्क नहीं पहनने पर पांच लोगों के खिलाफ प्रशासनिक आदेशों की अवहेलना का मामला दर्ज किया है। वहीं, 42 लोगों के चालान काटकर 27500 रुपये जुर्माना भी वसूला गया।
सिरमौर में सामाजिक दूरी के नियम को कढ़ाई से लागू किया जा रहा है। नियमों की अवहेलना करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। सिरमौर पुलिस ने प्रदेश में सबसे पहले मास्क पहनना अनिवार्य किया था। इसके बाद मास्क नहीं पहनने पर पहला मामला भी सिरमौर पुलिस ने ही दर्ज किया। वर्तमान में भी पुलिस इसे सख्ती से लागू कर रही है। एफआईआर दर्ज करने, जुर्माना वसूलने के साथ ही लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक अजय कृष्ण शर्मा ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि सिरमौर में बिना मास्क बाजार में आने पर अभी तक पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। जबकि 42 लोगों के चालान किए गए, उनसे 27500 रुपये वसूले गए हैं। उन्होंने अपील की है कि सभी सामाजिक दूरी की अनुपालना करें और घर से बाहर निकलने पर मास्क जरूर पहने।
बॉक्स के लिए---
बाइक पर दो दिखे तो एक उतार दिया
सामाजिक दूरी के लिए एक बाइक पर सिर्फ चालक ही बैठ सकता है। बाइक में किसी अन्य व्यक्ति को बिठाने पर पाबंदी लगाई गई है। नाहन शहर में पुलिस ने अब ऐसे लोगों को बाइक से उतारना शुरू कर दिया है। यदि कोई बाइक पर किसी को बिठाकर जा रहा है तो पुलिस बाइक चालक के पीछे बैठने वाले व्यक्ति को रास्ते में ही उतार रही है। उसे पैदल ही अपने गंतव्य तक जाना पड़ रहा है।