टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत शिविर लगाकर की गई स्क्रीनिंग, बीपी और शुगर की भी जांच
मात्तर और नेहर स्वार में 80 लोगों का जांचा स्वास्थ्य
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। स्वास्थ्य खंड धगेड़ा की ओर से बुधवार को आयुष्मान आरोग्य मंदिर धानक्यारी में निक्षय और गैर संचारी रोग (एनसीडी) जांच शिविर लगाया गया। शिविर में 86 लोगों के एक्सरे किए गए, जबकि 54 लोगों की एनसीडी जांच की गई। इस दौरान बीपी और शुगर की जांच भी की गई।
कार्यवाहक बीएमओ डॉ. छवि बंसल ने बताया कि शिविर में डॉक्टर श्रुति, एसटीएस सुरेश कुमार, सीएचओ कौशल्या, स्वास्थ्य कार्यकर्ता इंद्रपाल और मीरा ने लोगों के स्वास्थ्य की जांच की। लोगों को जलजनित रोगों के लक्षण और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को एक सप्ताह से अधिक समय तक खांसी और बुखार की शिकायत रहती है तो उसे तुरंत स्वास्थ्य केंद्र में जांच करवानी चाहिए। उन्होंने बताया कि टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत स्वास्थ्य खंड धगेड़ा में लोगों की स्क्रीनिंग की जा रही है। शिविर में आशा कार्यकर्ता संगीता, ममता, मीनू कुमार, लक्ष्मी, सुमित्रा और प्रोमिला मौजूद रहीं।
उधर, स्वास्थ्य खंड धगेड़ा के अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य केंद्र नेहर स्वार और मात्तर में भी एनसीडी जांच शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में कुल 80 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। इस दौरान बीपी, शुगर सहित गैर संचारी रोगों से संबंधित जांच की गई।