फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sirmour News: केरल में दिखी सिरमौर की हाटी लोक संस्कृति की झलक

विज्ञापन
सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करते आसरा संस्था के कलाकार। स्रोत: संस्था
विज्ञापन
-ठोडा, मुंजरा नाटी, दीपक और परात नृत्य पेश किया
विज्ञापन


-आसरा संस्था के कलाकारों ने पंरपरागत प्रस्तुतियों से बांधा समा

संवाद न्यूज एजेंसी

राजगढ़ (सिरमौर)। प्राकृतिक सौंदर्य, सांस्कृतिक विविधता और आध्यात्मिक परंपराओं के लिए विख्यात पर्यटन राज्य केरल की वादियों में हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले की समृद्ध हाटी लोक संस्कृति की गूंज सुनाई दी। आसरा संस्था पझौता, सिरमौर के लोक कलाकारों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों के माध्यम से केरल के जनमानस को सिरमौर की लोक परंपराओं से रूबरू कराया।

आसरा संस्था के प्रभारी एवं वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर डॉ. जोगेंद्र हाब्बी ने बताया कि संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के दक्षिण क्षेत्रीय सांस्कृतिक केंद्र तंजावूर के सौजन्य से संस्था के कलाकारों ने 7 से 9 फरवरी तक केरल में सिरमौर की लोक विधाओं का सफल मंचन किया। उस्ताद बिस्मिल्लाह खां युवा पुरस्कार से सम्मानित कलाकार गोपाल हाब्बी के नेतृत्व में कलाकारों के दल ने सिरमौर के गिरिपार हाटी जनजातीय क्षेत्र की प्राचीन शाठी-पाशी परंपराओं से जुड़े ठोडा नृत्य, मुंजरा नाटी, रिहाल्टी गी, रासा नृत्य, दीपक नृत्य, परात नृत्य, पारंपरिक पढुआ नृत्य तथा विलुप्त होती जा रही ढीली नाटी सहित अनेक लोकनृत्य विधाओं की शानदार प्रस्तुतियां दीं।
विज्ञापन


एक भारत श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम के अंतर्गत यह सांस्कृतिक प्रस्तुतियां कासरगोड, पाय्यानूर और मलयालम विश्वविद्यालय तिरूर में तीन अलग-अलग स्थानों पर आयोजित की गईं। कार्यक्रम में लोकगायक रामलाल वर्मा और बिमला चौहान की मधुर स्वर लहरियों ने वातावरण को संगीतमय बना दिया। वहीं, संदीप और हंसराज की ढोल की गूंजती थाप, प्रेम की करनाल वादन कला और देवीराम की बांसुरी की मधुर धुनों ने दर्शकों को रस विभोर कर दिया।
विज्ञापन


नृत्य कला में पारंगत कलाकारों के दल में जोगिंद्र हाब्बी, गोपाल, चमन, मनमोहन, सुनील, सरोज, अनुजा, आरती प्रिया और रेखा ठाकुर ने अपनी सशक्त प्रस्तुतियों से केरल के हजारों दर्शकों के दिलों पर अमिट छाप छोड़ी। संवाद
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें