परिजनों ने जताई थी अपहरण की आशंका, परिजनों को पुलिस कार्रवाई बारे में दी जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। एक स्थानीय व्यापारी को हरियाणा पुलिस टीम पूछताछ के लिए उठा कर ले गई। पड़ोसी राज्य की पुलिस की टीम सिविल ड्रेस में आई। व्यापारी के परिजनों ने अगवा किए जाने की आशंका जताई। पुलिस थाना पांवटा साहिब में शिकायत की गई। छानबीन में परिवार को हरियाणा पुलिस की कार्रवाई के बारे में पूरी और सही जानकारी दे दी गई।
मिली जानकारी के अनुसार पांवटा साहिब क्षेत्र के एक व्यापारी को कुछ लोग गाड़ी में अपने साथ ले गए। व्यापारी के परिजनों ने पुलिस थाना में सूचना दी। इसमें अगवा होने की आशंका जताई गई। बताया जा रहा है कि व्यापारी के खाते में अवैध ट्रांजेक्शन की आशंका रही है। साइबर थाना पलवल हरियाणा में एक मामला चल रहा है। इसलिए हरियाणा पुलिस टीम पांवटा साहिब पहुंची। व्यापारी को उक्त मामले में पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई है।
पुलिस अधीक्षक सिरमौर एनएस नेगी ने कहा कि एक मामले में पूछताछ के लिए हरियाणा की पुलिस टीम स्थानीय व्यापारी को अपने साथ ले गई है।