पहले दिन 900 युवाओं ने मैदान पर बहाया पसीना, शारीरिक दक्षता परीक्षा 25 तक चलेगी
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन में गृहरक्षक स्वयंसेवकों (होमगार्ड) की भर्ती शुरू हो गई है। गृहरक्षा चतुर्थ वाहिनी नाहन की ओर से मंगलवार को इस भर्ती प्रक्रिया की शुरुआत की गई। जिले में गृहरक्षकों के 51 पदों के लिए भर्ती हो रही है। इन पदों के लिए कुल 7500 युवाओं ने पंजीकरण करवाया है।
पहले दिन नाहन के ऐतिहासिक चौगान मैदान और चंबा मैदान में करीब 900 पुरुष अभ्यर्थियों ने शारीरिक दक्षता परीक्षा (ग्राउंड टेस्ट) दी। भर्ती को पारदर्शी और सुचारु बनाए रखने के लिए प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है। भर्ती कमेटी के चेयरमैन विनय कुमार ने बताया कि कानून-व्यवस्था और व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए रोजाना करीब 900 युवाओं को ही टेस्ट के लिए बुलाया जा रहा है।
भर्ती प्रक्रिया को व्यवस्थित रखने के लिए पुरुष और महिला वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए अलग-अलग दिन तय किए गए हैं। पुरुष अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता मापी जाएगी और शेड्यूल के अनुसार ही महिला अभ्यर्थियों को अपनी खेलकूद और शारीरिक क्षमता दिखाने का मौका मिलेगा।
गौर हो कि पहले इस भर्ती प्रक्रिया का आयोजन 14 से 23 जून तक किया जाना था। प्रशासनिक कारणों से इसके शेड्यूल में आंशिक बदलाव किया गया है। अब यह पूरी भर्ती प्रक्रिया 16 से 25 जून तक चलेगी।