(ग्राउंड रिपोर्ट)-
स्मार्ट क्लास रूम, प्रोजेक्टर, एलईडी व स्कूली बच्चों के लिए ओपन जिम की सुविधा
अभिभावक बोले, दिव्यांग बच्चों को बेहतर शिक्षा देना अन्य स्कूलों के लिए उदाहरण
सुरेश तोमर
पांवटा साहिब (सिरमौर)। एक तरफ जिले के कई स्कूल बच्चों की संख्या कम होने पर बंद हो रहे। सुविधाओं के अभाव में कई स्कूल प्रतिस्पर्धा में निजी स्कूलों से पिछड़ रहे हैं। वहीं, ऐसी कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच पीएमश्री प्राथमिक पाठशाला पांवटा साहिब आधुनिक संसाधन उपलब्ध करवा रही है। स्मार्ट क्लास, कंप्यूटर, खेल मैदान, ओपन जिम तथा दिव्यांग बच्चों की बेहतर शिक्षा समेत कई सुविधाएं हैं। इसी के चलते ये स्कूल निजी स्कूलों को भी कड़ी टक्कर दे रहा है। इसी वर्ष इस स्कूल में करीब डेढ़ सौ नए बच्चों ने प्रवेश प्राप्त किया है।
बता दें कि पीएमश्री पांवटा साहिब पाठशाला में इस वर्ष स्कूली बच्चों की संख्या 458 से अधिक हो चुकी है। खास बात ये है कि नए सत्र में अभी तक प्री-प्राइमरी और प्राइमरी में करीब 152 नए बच्चों ने प्रवेश प्राप्त किया है। स्टाफ की मेहनत का असर दिख रहा है। प्राथमिक स्कूल अब निजी स्कूलों को मात दे रहा है। यहां के विद्यार्थी भी निजी स्कूलों के बच्चों की तरह स्मार्ट वर्दी पहनकर पढ़ाई करने आते हैं।
अभिभावकों अनिल कुमार, आशा और रीता ने बताया कि प्रबंधन समिति का अध्यापकों को पूरा सहयोग मिलता है। अभिभावक अपने बच्चों को इस सरकारी स्कूल में दाखिल करवाने के लिए प्रेरित होते हैं। खास कर मध्यम वर्गीय व निर्धन वर्ग के परिवारों को क्षेत्र के निजी स्कूलों की तरह ही इस स्कूल में बेहतरीन शैक्षणिक सुविधाएं मिल रही हैं। हर कमरे में प्रोजेक्टर-एलईडी लगी है। बच्चों के लिए खेल मैदान, ओपन जिम व स्मार्ट क्लास रूम सुविधा है।
स्कूल में एक सीएचटी, 13 जेबीटी तथा विशेष बच्चों के लिए एक स्पेशल एजुकेटर सेवाएं दे रही है। इस विद्यालय के प्रति अभिभावकों का विश्वास बढ़ता जा रहा है। ये सरकारी स्कूल निजी स्कूलों को भी कड़ी टक्कर दे रहा है। पीएमश्री पांवटा साहिब प्राथमिक पाठशाला अन्य सरकारी स्कूलों के लिए भी एक उदाहरण बन रहा है। अब शीघ्र स्कूल में अपना सोलर पैनल लगेगा और खगोल विज्ञान (बीआर) लैब सुविधा की जानकारी मिल सकेगी। अभिभावकों ने इस स्कूल में लाइब्रेरी, स्टाफ रूम समेत चार अतिरिक्त कमरे बनाने की मांग रखी है।
बॉक्स...
ये परिश्रम और खूबी बढ़ा रही अभिभावकों का विश्वास
अभिभावकों ने बताया कि शिक्षा के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध है। खासकर स्कूल में शिक्षारत करीब एक दर्जन से अधिक दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए। ऐसा किसी निजी स्कूल में हो पाना कठिन है। ये सब पीएम श्री पांवटा स्कूल अन्य स्कूलों के लिए एक अलग उदाहरण बन गया है। इन बच्चों के अभिभावकों ने सरकार से दिव्यांग बच्चों को आने-जाने के लिए मिनी बस की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग रखी है।
बॉक्स...
पीएमश्री पांवटा साहिब प्राथमिक पाठशाला की सीएचटी कविता शर्मा ने बताया कि बच्चों को अच्छी सुविधाएं और गुणवत्तायुक्त शिक्षा पर ध्यान दिया जा रहा है। अभिभावकों व स्कूल के स्टाफ का पूरा साथ मिल रहा है। सीएचटी ने कहा कि कक्षा के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध करवाने के लिए कृतसंकल्प हैं। विद्यार्थियों के लिए स्मार्ट क्लास रूम की सुविधा है।
संवाद
पीएमश्री राजकीय प्राथमिक पाठशाला पांवटा साहिब निजी स्कूलों को कड़ी टक्कर से रही है। संवाद
पीएमश्री राजकीय प्राथमिक पाठशाला पांवटा साहिब निजी स्कूलों को कड़ी टक्कर से रही है। संवाद
पीएमश्री राजकीय प्राथमिक पाठशाला पांवटा साहिब निजी स्कूलों को कड़ी टक्कर से रही है। संवाद