सतौन पंचायत में चिट्टे के खिलाफ ग्रामसभा का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
सतौन (सिरमौर)। सतौन पंचायत में बुधवार को चिट्टे के खिलाफ ग्रामसभा का आयोजन हुआ। इसमें 50 से अधिक महिलाएं मौजूद रहीं। महिलाओं ने एक स्वर में परिवार बचाने के लिए नशे का खात्मा करने पर जोर दिया।
बता दें कि सतौन उत्तर भारत की सबसे बड़ी चूना मंडी है, यहां पर कई राज्यों से ट्रक आते-जाते रहते हैं। कई बार सूचना मिलती है कि कई बार यहां पर भुक्की और कच्ची शराब लाई जाती है। इसके चलते दो महीना पहले 25 लोगों को भी पंचायत घर बुलाया गया था। उनकी नशे में संलिप्ता मिल रही थी। इस पर पंचायत प्रतिनिधियों को चेतावनी तक दी गई थी कि यदि एक महीने बाद शिकायत मिलती है तो पंचायत अपने स्तर पर कार्रवाई करेगी।
पंचायत प्रधान ममता देवी, उपप्रधान गुलाब सिंह ने बताया कि ग्राम सभा में भी निर्णय लिया गया कि गांव का कोई भी व्यक्ति यदि नशे में संलिप्त पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। बाहरी राज्यों से आने वाले ट्रकों की जांच के लिए पुलिस प्रशासन को लिखा जाएगा।
-संवाद