बोले, विधानसभा उपाध्यक्ष ने गताधार में सुनीं समस्याएं
संवाद न्यूज एजेंसी
संगड़ाह/नौहराधार (सिरमौर)। विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार प्रवास पर रेणुका विधानसभा क्षेत्र के गताधार पहुंचे। इस दौरान ग्राम पंचायत सांगना, सताहन व भलाड भलोना के लोगों ने सड़क और बिजली से जुड़ी समस्याएं रखीं। उपाध्यक्ष ने विभागों को समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में बिजली की कम वोल्टेज की समस्या का निराकरण आरडीएसएस योजना के तहत किया जा रहा है। प्रदेश सरकार विद्युत ढांचे को सुदृढ़ बनाने और दूरदराज क्षेत्रों में लोगों को बेहतर और निर्बाध बिजली सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार 2026 तक हिमाचल को हरित ऊर्जा राज्य बनाने की दिशा में काम कर रही है।
इस अवसर पर एसडीएम संगड़ाह सुनील कायथ, बीडीओ नेहा नेगी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग राम सिंह, अधिशासी अभियंता विद्युत मंडल राजगढ़ नरेंद्र ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।