-सुरला और कौलांवालाभूड़ स्कूल में आयोजित हुए टीकाकरण सत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के खंड धगेड़ा के अंतर्गत मंगलवार को सर्वाइकल कैंसर से बचाव को लेकर विशेष टीकाकरण सत्र आयोजित किया गया। इस दौरान राजकीय स्कूलों में 21 किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन लगाई गई। साथ ही छात्राओं और अभिभावकों को सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूक भी किया गया।
खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोनीषा अग्रवाल ने बताया कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सुरला में 16 और कौलांवालाभूड़ स्कूल में 5 किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन लगाई गई। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से किशोरियों को टीकाकरण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई, ताकि भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव संभव हो सके।
उन्होंने बताया कि टीकाकरण सत्र के दौरान छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर के शुरुआती लक्षण, इसके कारण और बचाव के उपायों के बारे में भी जागरूक किया गया। स्वास्थ्य कर्मियों ने किशोरियों को बताया कि एचपीवी संक्रमण सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण माना जाता है और समय पर लगाया गया टीका इस बीमारी के खतरे को काफी हद तक कम करता है। एचपीवी वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है और इसके कोई गंभीर दुष्प्रभाव नहीं हैं। उन्होंने कहा कि यह वैक्सीन शरीर को संक्रमण से लड़ने की क्षमता प्रदान करती है। साथ ही सर्वाइकल कैंसर के कारकों को रोकने में प्रभावी साबित होती है। संवाद