सीबीएसई क्लस्टर 16 खो- खो में गुरु नानक मिशन की छात्रा टीम चैंपियन
स्कूल की खो खो छात्र-छात्रा टीमें और वॉलीबाल छात्रा टीमें नेशनल को चयनित
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। सीबीएसई क्लस्टर-16 खो-खो प्रतियोगिता में गुरुनानक मिशन पब्लिक स्कूल की छात्राएं चैंपियन बनी हैं। जबकि इसी स्कूल के लड़कों की खो-खो टीम और वॉलीबाल में छात्राओं ने उपविजेता ट्रॉफी हासिल की।
अब इस स्कूल की तीनों टीमें सीबीएसई नेशनल प्रतियोगिता के लिए चयनित हो गई हैं।
बता दें कि 25 से 27 अक्टूबर तक एमआर मेमोरियल कान्वेंट स्कूल, फतेहाबाद में खेली गई सीबीएसई क्लस्टर -16 प्रतियोगिता में गुरु नानक मिशन पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने अपना लोहा मनवाया है।
खो-खो प्रतियोगिता में 8 टीमों ने भाग लिया था। इन सभी को हराकर छात्राओं ने यह चैंपियन ट्रॉफी अपने नाम की है। खो-खो प्रतियोगिता में लड़कों की टीम ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उप विजेता ट्रॉफी जीती है। इसी के साथ वाॅलीबाल चैंपियनशिप में भी 8 टीमों ने भाग लिया जिसमें छात्राओं ने रनर अप ट्रॉफी अपने नाम की।
14 नवंबर 2023 से कसौली इंटरनेशनल स्कूल जिला सोलन में आयोजित होने वाली सीबीएसई नेशनल चैंपियनशिप के लिए तीनों टीमों का चयन हुआ है।
विद्यालय के निदेशक गुरजीत सिंह सैनी और प्रधानाचार्य गुरविंद्र कौर चावला ने विजेता टीम खिलाड़ियों को बधाई दी है।
विद्यालय की प्रार्थना सभा में प्रधानाचार्य ने खो-खो टीम के कोच प्रवीण कुमार सैनी और वॉलीबाल टीम कोच विपुल राठौर की पीठ थपथपाई। विद्यार्थियों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया।
संवाद