श्री पावंटा साहिब विकास मंच ने मुख्यमंत्री से रखी विशेष गिरदावरी और मुआवजे की मांग उठाई
जिन किसानों ने फसल बीमा करवाया, उनको शीघ्र बीमा राशि प्रदान की जाए : जीएस चौहान
संवाद न्यूज एजेंसी
पावंटा साहिब (सिरमौर)। श्री पावंटा साहिब विकास मंच ने जिला सिरमौर के ट्रांसगिरि क्षेत्र की मुख्य नकदी फसल अदरक में फैले गंभीर सड़न रोग पर गहरी चिंता जताई है। सिरमौर और विशेषकर ट्रांसगिरि क्षेत्र के किसानों की आजीविका का मुख्य आधार अदरक की खेती है, परंतु इस वर्ष सड़न रोग के भयंकर प्रकोप के कारण फसल पूरी तरह बर्बाद हो चुकी है, जिससे किसान भारी आर्थिक संकट और कर्जे के बोझ तले दब गए हैं। मंच ने मुख्यमंत्री को पत्र भेज कर प्रदेश सरकार से प्रभावित किसानों के लिए तुरंत आर्थिक राहत की मांग की गई है।
मंच के अध्यक्ष जीएस चौहान ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री को एक ज्ञापन प्रेषित किया है। इसमें प्रभावित क्षेत्रों में विशेष गिरदावरी एवं मुआवजे की मांग उठाई गई है। प्रभावित किसानों को उचित आर्थिक मुआवजा प्रदान किया जाए। जिन किसानों ने फसल बीमा कराया है, उन्हें बिना किसी प्रशासनिक विलंब के तुरंत बीमा राशि दिलाई जाए।
चौहान ने कहा कि वैज्ञानिक अनुसंधान केंद्र से कृषि वैज्ञानिकों की टीम की ओर से इस बीमारी का स्थायी निदान खोजा जाए ताकि भविष्य में किसानों की फसल सुरक्षित रह सके।
मंच के अध्यक्ष ने उल्लेख किया कि आगामी 23 सितंबर को मुख्यमंत्री का श्री रेणुका जी क्षेत्र में आगमन प्रस्तावित है। किसानों को पूरी आशा है कि मुख्यमंत्री जी इस संवेदनशील मुद्दे पर ध्यान देते हुए अपने दौरे के दौरान राहत राशि की घोषणा अवश्य करेंगे। चौहान ने कहा कि इस ज्ञापन की प्रतिलिपि स्थानीय विधायक एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार को भी प्रेषित की गई है और उनसे आग्रह किया गया है कि वे मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान किसानों की इस समस्या को प्रमुखता से उठाएं।
-