पांवटा अस्पताल में बच्चे का उपचार करतीं स्वास्थ्य कर्मी। संवाद
-पांवटा-शिलाई एनएच पर तारुवाला के पास हुआ हादसा
घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाया गया
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा साहिब–शिलाई नेशनल हाईवे 707 पर तारुवाला के समीप सड़क किनारे खड़े ट्रक में कार के टकराने से चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार सुनील पुत्र रमेश निवासी बांगरण, जीवन सिंह (35) पुत्र प्रकाश चंद निवासी अजौली, मनप्रीत सिंह निवासी कहानुवाला शिवपुर और हरविंदर सिंह निवासी कहानुवाला शिवपुर के साथ कार में सवार होकर पांवटा साहिब होली मेले में आए हुए थे। देर रात वे कार से वापस अपने घर लौट रहे थे। तारुवाला के पास अचानक कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार सवार चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और चारों घायलों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाया, जहां उनका उपचार किया गया। बताया जा रहा है कि इस हादसे में जीवन सिंह को अधिक गंभीर चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
एसपी एनएस नेगी ने बताया कि सड़क हादसे में चार लोग घायल हुए हैं। सिविल अस्पताल पांवटा साहिब में उनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। संवाद
पांवटा अस्पताल में बच्चे का उपचार करतीं स्वास्थ्य कर्मी। संवाद