लंबे अरसे बाद पांवटा साहिब अस्पताल को मिलेंगे चार विशेषज्ञ चिकित्सक
रेडियोलॉजिस्ट, सर्जन, औषधि विशेषज्ञ और एनेस्थीसिया विशेषज्ञों के आदेश जारी
क्षेत्र के दो लाख से अधिक जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने की आस
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। लंबे समय से स्वास्थ्य सेवाओं की दिक्कतें झेल रही जनता के लिए राहत भरी खबर है। सब कुछ ठीक ठाक रहा तो शीघ्र पांवटा सिविल अस्पताल में चार विशेषज्ञ चिकित्सक कार्यभार संभालेंगे।
सचिव स्वास्थ्य विभाग के निर्देशानुसार पांवटा अस्पताल के लिए रेडियोलॉजिस्ट, सर्जन, औषधि विशेषज्ञ और एनेस्थीसिया पद भरने की अधिसूचना (नोटिफिकेशन) जारी हो गई है।
बता दें कि विगत 30 जुलाई को अमर उजाला ने ‘न ऑपरेशन और न ही अल्ट्रासाउंड की सुविधा, मरीज परेशान’ खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
लंबे समय से विशेषज्ञ चिकित्सकों के चार प्रमुख पद रिक्त चल रहे थे। रिक्त पदों के चलते करीब दो लाख से अधिक जनता को स्वास्थ्य सुविधा प्रदान करने वाले सिविल अस्पताल में विशेषज्ञ सर्जन, औषधि विशेषज्ञ, रेडियोलॉजिस्ट, एनेस्थीसिया चिकित्सक पर रिक्त चल रहे हैं।
पैरामेडिकल के ही 23 स्टॉफ नर्स पद, तीन रेडियोग्राफर समेत कुल तीन दर्जन से अधिक पद रिक्त पड़े हैं। एनेस्थीसिया पद रिक्त होने से बड़े ऑपरेशन नहीं हो रहे। रेडियोलॉजिस्ट पद रिक्त होने से गर्भवती महिलाएं अल्ट्रासाउंड सुविधा से वंचित रहती हैं।
हजारों पात्र महिलाओं को मजबूरन लाखों रुपये हर माह खर्च कर निजी क्लीनिकों में अल्ट्रासाउंड टेस्ट करवाने पड़ रहे हैं। अस्पताल में 700 से 1000 तक भी ओपीडी पहुंचती है। रोज मरीजों की लंबी कतारें लगी रहती हैं।
सिरमौर के शिलाई, पांवटा, कोलर से लेकर धारटीधार तथा साथ लगते उत्तराखंड, हरियाणा से भी मरीज पहुंचते हैं। अब प्रदेश सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की सचिव सुधा देवी ने शुक्रवार को जनपद के लिए 12 चिकित्सकों की नियुक्ति को कार्यालय आदेश( अधिसूचना) जारी कर दी है।
इसमें विशेषज्ञ सर्जन डॉ. अर्जुन सिंह, औषधि विशेषज्ञ डॉ. मोहम्मद सादिल, रेडियोलॉजिस्ट डॉ. मंचिरा कुशा और एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. विभूति शर्मा के आदेश पांवटा के लिए जारी हुए हैं।
सिविल अस्पताल पांवटा साहिब के प्रभारी डॉ. अमिताभ जैन ने कहा कि लंबे समय से रिक्त चार विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति के आदेश जारी हो चुके हैं। ये सभी चिकित्सक ज्वाइन कर लेते हैं तो और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं जनता को मिल सकेंगी।
...
सरकार ने जनता को दी राहत : किरनेश जंग
पूर्व विधायक चौधरी किरनेश जंग, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष अश्वनी शर्मा, कांग्रेसी नेता असगर अली, जेपी शर्मा व हिरदा राम चौहान ने बताया कि स्थानीय जनता के लिए ये राहत भरी खबर है। लंबे समय से जनता को दिक्कतें आ रही थीं। अब बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। इसके लिए उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री समेत सरकार का आभार जताया। संवाद