नाहन(सिरमौर)। रावमापा मोगीनंद में 21 से 24 जून तक बच्चों के लिए बाल फिल्मोत्सव आयोजित किया जा रहा है। फिल्मोत्सव का आयोजन विद्यालय के अमिताभ बच्चन सांस्कृतिक क्लब द्वारा किया जा रहा है। फिल्मोत्सव के समन्वयक विज्ञान प्रवक्ता संजीव अत्री ने बताया कि इस फिल्मोत्सव में 11 फिल्में प्रदर्शित की जाएंगी। फिल्मोत्सव में दिखाई जाने वाली सभी फिल्में चिल्ड्रन फिल्म सोसायटी मुंबई तथा टीवीई द्वारा उपलब्ध करवाई गई हैं।
फिल्मोत्सव का मुख्य उद्देश्य बच्चों को मनोरंजन के साथ-साथ शैक्षणिक फिल्मों की धारा से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि इन फिल्मों को देखने के लिए जनसाधारण को भी आमंत्रित किया गया है। फिल्मोत्सव में सिराज आइशा द्वारा निर्देशित राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त फिल्म-बांबे स्टाइल, अनु कपूर द्वारा निर्देशित पुरस्कार-अभय, द सैटिंग एसेट, शैल तरंग के साथ कोटममल्ली की एनिमेशन फिल्म-अंधा विश्वास तथा मनोहर कुमार की पांच लघु फिल्में शामिल हैं।
संजीव अत्री ने बताया कि फिल्मोत्सव में नैतिक शिक्षा युक्त फिल्मों के साथ-साथ संस्कृति एवं पर्यावरण से जुड़ी फिल्में दिखाई जाएंगी। इन फिल्मों के माध्यम से बच्चों को बताया जा रहा है कि वर्तमान में व्यवसायिक फिल्मों से हटकर उनके लिए भी विशेष फिल्में बनती हैं जिन्हें देखना स्वास्थ्य व समाजवर्धक है।