वन विभाग ने प्रेम नगर स्कूल के नाम स्थानांतरित की भूमि
स्कूल में कमरों की कमी के कारण तीन कमरों में चल रही हैं आठ कक्षाएं
भूमि स्थानांतरित होने से बहुत जल्द अतिरिक्त कमरों का हो सकेगा निर्माण
देवराज शर्मा
सराहां (सिरमौर)। सराहां शिक्षा खंड के अंतर्गत आने वाले प्रेमनगर स्कूल में अब कमरों की कमी बहुत जल्द दूर होगी। वन विभाग ने एक बीघा पांच बिस्वा भूमि को स्कूल के नाम स्थानांतरित (ट्रांसफर ) कर दिया है। इस कार्य के पूरा होने के बाद यहां अतिरिक्त कमरों का निर्माण करवाया जा सकेगा।
बता दें कि प्रेमनगर माध्यमिक स्कूल वर्तमान में महज तीन कमरों में चल रहा है। यहां तीन कमरों में आठ कक्षाओं का संचालन किया जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि माध्यमिक विद्यालय के पास अपना एक कमरा तक नहीं है। जो कक्षाएं संचालित की जा रही हैं वह प्राइमरी स्कूल के कमरों में संचालित की जा रही हैं।
जानकारी के अनुसार यह स्कूल वन विभाग की भूमि पर बना हुआ है। इस कारण यहां अतिरिक्त कमरों का निर्माण नहीं हो पा रहा था। ऐसे में इस स्कूल में शिक्षा ग्रहण कर रहे बच्चों को बहुत परेशानी झेलनी पड़ रही है। यहां आलम यह है कि छठी, सातवीं और आठवीं की कक्षा एक ही कमरे में चल रही है। जबकि शेष बचे दो कमरों में से एक में प्राथमिक स्कूल का कार्यालय, चौथी व पांचवीं कक्षा और तीसरे कमरे में पहली, दूसरी और तीसरी कक्षा का संचालन किया जा रहा है।
सन 1962 से चल रहे इस स्कूल में वर्तमान में प्राथमिक पाठशाला में 35 और माध्यमिक पाठशाला में 29 बच्चे शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं।
स्कूल प्रबंधन समिति के प्रधान अश्वनी कुमार ने बताया कि प्रेम नगर स्कूल का भवन वन विभाग की भूमि पर बना हुआ है, इस कारण यहां अतिरिक्त कमरों का निर्माण नहीं हो पा रहा था। अब वन विभाग ने स्कूल के नाम एक बीघा पांच बिस्वा भूमि कर दी है। स्कूल प्रभारी भविंद्र सिंह ने बताया कि वन विभाग ने स्कूल के नाम जमीन स्थानांतरित कर दी है। अब स्कूल भवन को बनाने के लिए औपचारिकताएं पूरी की जा रहीं हैं।
बीपीईईओ सराहां राजेश शर्मा ने बताया कि सराहां शिक्षा खंड के प्रेम नगर स्कूल का भवन वन विभाग की भूमि पर बना था। वन विभाग ने अब भूमि को स्कूल के नाम स्थानांतरित कर दिया है। अब स्कूल भवन बनाने को लेकर आगामी कार्यवाही की जा रही है।
संवाद