जगह-जगह खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, 15 सैंपल भरे
बोहलियों, धौलाकुआं और पांवटा साहिब में टीम ने दी दबिश
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। त्योहारी सीजन के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग अलर्ट हो गया है। शनिवार को विभाग की टीम ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रियंका कश्यप के नेतृत्व में जगह -जगह छापेमारी की। इस दौरान विभिन्न खाद्य पदार्थों के 15 सैंपल लिए गए।
विभाग की टीम ने पांवटा शहर की ओर जाते समय सबसे पहले बोहलियों में मस्टर्ड ऑयल और देसी घी के दो सैंपल लिए। इसके बाद टीम धौलाकुआं पहुंची, जहां कई दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने हल्दी, देसी घी, देसी खांड, चाय पत्ती, सोन पापड़ी व मुनक्का के सैंपल लिए।
इसके बाद पांवटा साहिब शहर में भी टीम ने कई मिठाइयों के सैंपल भरे। जहां गुलाब जामुन, पैकड मिठाइयां, बेसन लड्डू, सोन पापड़ी, जामुन का सिरका आदि मिठाइयों के सैंपल लिए। साथ ही दुकानदारों को चेतावनी भी दी कि त्योहारी सीजन में लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ न करें। अच्छी गुणवत्ता के खाद्य पदार्थ ही ग्राहकों को बेचें।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रियंका कश्यप ने बताया कि त्योहारी सीजन में विभाग पूरी तरह चौकन्ना है। उन्होंने बताया कि विभाग की टीम ने शनिवार को 15 सैंपल भरे हैं। त्योहारी सीजन में कार्रवाई जारी रहेगी।
...
सचित्र
जांच परखकर ही खरीदें मिठाई, विभाग से करें संपर्क
खाद्य सुरक्षा विभाग सिरमौर में स्टाफ की भारी कमी चल रही है। इस समय जिले में सिर्फ एक खाद्य सुरक्षा अधिकारी तैनात है। एक अन्य अधिकारी का कुछ दिन पहले ही शिमला तबादला हो चुका है। ऐसे में त्योहारी सीजन में जिलेभर में खाद्य वस्तुओं की सैंपलिंग करना विभाग के लिए भी चुनौती भरा है।
खाद्य सुरक्षा विभाग सिरमौर के सहायक आयुक्त अशोक मंगला ने बताया कि त्योहारी सीजन में निरंतर सैंपलिंग कार्य जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि लोग भी जागरूक हों। जांच परखकर ही मिठाइयों की खरीदारी करें। यदि कहीं भी लोगों को निम्न गुणवत्ता की मिठाइयों की आशंका हो तो विभाग से सीधे संपर्क कर सकता है। विभाग तुरंत कार्रवाई अमल में लाएगा।