मेडिकल काॅलेज में 65 लाख से होगा दो लिफ्टों की निर्माण
अस्पताल में सीढि़यां चढ़ने और उतरने का झंझट होगा खत्म
ओपीडी कक्ष वाले भवन और नए गायनी वार्ड में कार्य शुरू
बुजुर्गों और गंभीर मरीजों, प्रसूता महिलाओं को मिलेगी सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। डाॅ. वाईएस परमार मेडिकल काॅलेज नाहन में जल्द मरीजों को लिफ्ट सुविधा उपलब्ध होगी। अस्पताल की ओपीडी कक्ष वाले चार मंजिला भवन के साथ-साथ पुराने जिला आयुर्वेदिक अस्पताल के बहुमंजिला भवन में भी लिफ्ट निर्माण का कार्य शुरू हो गया है।
इन दोनों भवनों में लिफ्ट निर्माण के बाद बुजुर्गों, गंभीर मरीजों के साथ-साथ चलने फिरने में असमर्थ और प्रसूता महिलाओं को इसका लाभ मिलेगा।
दोनों भवनों में लिफ्ट निर्माण कार्य शुरू हो गए हैं। एक लिफ्ट के निर्माण में 35 लाख तो दूसरी पर 30 लाख रुपये की राशि खर्च की जा रही है। मेडिकल काॅलेज प्रशासन ने इस कार्य को लोक निर्माण विभाग को सौंपा है। मौजूदा समय में दोनों भवनों की लिफ्ट निर्माण स्थल की दीवारों को तोड़ा जा चुका है।
अस्पताल आने वाले मरीज सड़क पर उतरते ही लिफ्ट से चार मंजिला भवन के तीसरे तल पर स्थित ओपीडी कक्ष तक पहुंचेंगे। इस मंजिल के सबसे ऊपरी तल (सड़क के साथ) लैब बनी है। इसके नीचे ओपीडी कक्ष है जहां सामान्य ओपीडी, सर्जन, आंखों की ओपीडी, ईएनटी और ऑर्थो की ओपीडी चल रही हैं। इसके नीचे फीजियोलॉजी और सबसे नीचे पुस्तकालय बना है।
अब तक कई गंभीर मरीजों को ओपीडी तक पहुंचने में दिक्कतें आती रही हैं। खासकर बुजुर्ग और ऐसे मरीज जो चलने फिरने में असमर्थ हैं, उनकाे पीठ पर उठाकर सीढि़यों से ओपीडी तक पहुंचाना पड़ता रहा है।
वहीं, पुराने आयुर्वेदिक अस्पताल वाले भवन में भी लिफ्ट बनाई जा रही है। हाल ही में मेडिकल काॅलेज ने इस भवन में नया गायनी वार्ड भी बनाया है। ऐसे में प्रसूता महिलाओं को भी वार्ड तक पहुंचाने के लिए सीढि़यां नहीं चढ़नी होंगी। इस भवन की सबसे ऊपरी मंजिल में कोविड अस्पताल बना है। इससे नीचे गायनी वार्ड तैयार किया गया है। दूसरे तल पर (सड़क के साथ) मरीजों की पर्ची बनाई जा रही है और इसके नीचे माइक्रोबायलॉजी कक्ष चल रहा है।
मेडिकल काॅलेज के चिकित्सा अधीक्षक डाॅ. नवीन गुप्ता ने बताया कि अस्पताल के दोनों भवनों में लिफ्ट निर्माण के लिए कार्य प्रगति पर है। ये कार्य लोक निर्माण विभाग को सौंपा है। लिफ्ट बनने के बाद मरीजों की काफी दिक्कतें दूर हो जाएंगी।
नाहन मेडिकल कालेज के पुराने आयुर्वेदिक भवन में लिफ्ट बनाने के लिए तोड़ी गई दीवार। संवाद